मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर गल्ला मंडी में हम्माल और पल्लेदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। शनिवार को चौथे दिन भी हम्माल और पल्लेदारों की हड़ताल जारी रही। इस मौके पर हम्माल पल्लेदार यूनियन के जिला अध्यक्ष विनोद सुमन मुख्य रूप से मौजूद रहे। हड़ताल के दौरान अध्यक्ष सुमन ने कहा कि 15 मई को हम लोग अपना आंदोलन तेज करने के लिए योजनाएं बनाएंगे।
साथ ही भोपाल से भी संगठन के साथियों को आंदोलन में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा। जब-तक हमारी मांग पूरी नहीं होती हैं तब-तक हमारी यह हड़ताल जारी रहेगी। इसी क्रम में सीटू जिला संयोजक नरेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि हड़ताल के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने को परेशानी हो रही है। चोरी छिपे व्यापारी मंडी के बाहर किसानों की फसल सस्ते दामों में खरीद रहे हैं।
वहीं किसानों की फसल की तौल भी सही नहीं हो रही है। मंडी बंद होने से सरकार को नुकसान हो रहा है। उसके बाद भी जिला प्रशासन बेखबर है। सीटू जिला महासचिव अशोक शर्मा ने कहा पल्लेदारों के आंदोलन को तेज किया जाएगा। हम्माल और पल्लेदारों की मांग को लेकर विधायक सहित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर श्रीकृष्ण वाल्मीकि, लालाराम शाक्य,ब्रजमोहन कुशवाह, हवलदार बापू, अरुण यादव,मुकेश महेंद्र सिंह राठौर, रामरतन, मायाराम, पूरन,सुखराम आदि उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.