पुलिस ने 10 दिन पुराने हत्याकांड में एक महिला, बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। महिला ने बेटे के हाथों पति की हत्या करवा दी। इसमें बेटे के दोस्त ने साथ दिया था। पुलिस ने बताया कि जगत सिंह बघेल की हत्या 26-27 मार्च की दरमियानी रात की गई थी। उसकी पत्नी ममता ने अपने बेटे हेमंत से से कहा था- उसके सिर पर दो गोली मारना, बचने की कोई गुंजाइश नहीं रहे...। बेटे ने ऐसा ही किया। पुलिस के मुताबिक ममता के कई जान-पहचान वाले हैं। ये लोग उससे मिलने आते थे। यह बात जगत को पसंद नहीं थी। वह रोकता-टोकता था, इसीलिए ममता 6 महीने से उसे ठिकाने लगाने की साजिश रच रही थी।
घटना 26-27 मार्च की रात जगत घर के बाहर सोया हुआ था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। ममता इतनी शातिर है कि उसने एक तीर से दो निशाने साधे। हत्या की एक वजह तो पति की रोक-टोक है, दूसरा यह कि उसकी बेटी का ससुरालवालों से दहेज का केस चल रहा है। ऐसे में उसने हत्या का आरोप दामाद और उसके जीजा पर मढ़ दिया। वो केस में राजीनामे के नाम पर दामाद से मोटी रकम वसूलना चाहती थी।
ऐसे क्रिएट किया हत्या वाली रात का सीन
भिंड SP शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया, जगत सिंह की हत्या के बाद ममता ने बयान में कहा था कि दामाद राजीव ने धमकी दी थी। उसने कहा था, दहेज केस में राजीनामा कर लो। गवाही दी तो जान से मार देंगे। उसने पूरा सीन क्रिएट किया था। खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताकर कहा था कि रात में गोली की आवाज सुनकर वह बाहर आई तो राजीव, उसका जीजा और एक अन्य व्यक्ति भागते हुए दिखे। ममता ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराने के लिए 12 घंटे तक शव का पीएम रोके रखा था। समाज के लोगों के साथ घर के बाहर धरना तक दिया था।
ऐसे सामने आई हत्या की कहानी
पुलिस ने पड़ताल की तो घटना वाले दिन आरोपी दामाद की लोकेशन भोपाल में मिली। ग्वालियर के रहने वाले उसके जीजा की भी लोकेशन भिंड में नहीं मिली। इस बीच पुलिस के हाथ रामू राठौर लगा। वह हथियार बेचता है। उसने बताया कि जगत का बेटा हेमंत और उसका दोस्त कुछ दिन पहले कट्टा लेकर गए थे। हेमंत को पकड़ा गया तो उसने सच उगल दिया।
6 महीने से रच रही थी षड्यंत्र
पुलिस के मुताबिक ममता पति की हत्या की साजिश 6 महीने से रच रही थी। उसने हत्या और उसके बाद का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। बेटे को सख्त हिदायत दे रखी थी कि वह वारदात के बाद मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करे। हेमंत ने अपने दोस्त सुग्रीव राठौर को पिता की दुष्टता के किस्से सुनाकर वारदात में शामिल किया था। इसके बाद रात के समय हेमंत और उसका दोस्त प्लान के मुताबिक आए और जगत सिंह की हत्या कर फरार हो गए।
पुलिस ने मां-बेटे का कराया आमना-सामना
बेटे ने हत्या की कहानी कबूल ली थी, लेकिन ममता ने पूरी कहानी को झूठा बताया। बोली कि मुझे पता नहीं कि मेरे बेटे ने ही हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके बेटे को आमने-सामने बैठाया। महिला ने फिर कहा कि बेटे ने हत्या की है, ये बात मुझे पता नहीं है। इसके बाद बेटा ही मां पर भड़क गया और बोला कि मुझे फंसा दिया है और खुद साफ बन रही हो।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.