भिंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में मंगलवार को भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। साथ ही 5 श्रद्धालु भी घायल हो गए। महिला परिवार के साथ बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने आई थी। हादसे के बाद दंदरौआ धाम के आसपास का मोबाइल नेटवर्क बंद कर दिया गया।
हादसा भिंड के डॉक्टर हनुमान मंदिर पर आयोजित सियपिय मिलन समारोह के दौरान हुआ। जिसका आयोजन दंदरौआ धाम पर पिछले कुछ दिन से चल रहा है। जिसके तहत सोमवार से बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा हो रही है।
दोपहर के वक्त मची भगदड़
मंगलवार सुबह 9 बजे से दिव्य दरबार का आयोजन हुआ। दोपहर में भगदड़ मच गई। जिसमें मुरैना के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की रहने वाली कृष्णा देवी बंसल (55 साल) फंस गईं। इसी दौरान चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त उनका बेटा, दामाद और बेटी की सास भी साथ थे।
बेटा बोला- कोई इंतजाम नहीं थे
मृतका के बेटे ने दैनिक भास्कर को जानकारी देते हुए बताया कि घटना के वक्त हम सभी लोग मंदिर के घंटे के पास खड़े थे। इसी समय पीछे से धक्का लगा और मां नीचे गिर गईं। भीड़ उन्हें कुचलती हुई निकल गई। जैसे-तैसे मां को भीड़ के बीच से निकाला। पुलिस वालों से मदद मांगी।
हादसे के बाद कहीं पर भी मेडिकल सुविधा नहीं मिली। पुलिस वालों ने एंबुलेंस को बुलवाया। एंबुलेंस आने में देरी हो गई। मां को एंबुलेंस में लेकर हम लोग मौ कस्बे के सरकारी अस्पताल गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भीड़ कंट्रोल नहीं हुई, पुलिसवाले साइड में खड़े हो गए
मृतक के बेटे ने आगे बताया- मौके पर लोगों की भारी भीड़ पहुंची थी। जबकि इतने लोगों के हिसाब से आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था नहीं की थी। लोगों की भीड़ अधिक होने के कारण लोग बैरिकेड्स तोड़कर आने-जाने लगे। इस वजह से भगदड़ मच गई। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए मौजूद पुलिस जवान खुद भगदड़ के दौरान स्वयं की सुरक्षा करते हुए साइड में खड़े हो गए।
घर पर पहुंचने लगे रिश्तेदार, दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली कृष्णा बंसल के घर पर रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। घर पर बेटा और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन उनको ढांढस बंधा रहे हैं। दोनों भाई-बहन रोते बिलखते हुए अपनी मां को बुला रहे हैं। कृष्णा बंसल की तीन बेटी व एक बेटा है, जिसमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। वे अभी तक घर नहीं पहुंच पाई हैं। मां के अंतिम दर्शन के लिए दोनों बेटियां और अन्य रिश्तेदार आ रहे हैं।
लोगों ने बताया कि कृष्णा बंसल कभी भी अपने घर से नीचे भी नहीं निकलती थीं। दंदरौआ धाम पर जाने के लिए उनका मन हुआ और वे अचानक वहां अपने बेटे और दामाद के साथ चली गईं। कृष्णा बंसल के पति का 11 साल पहले ही एक रोड एक्सीडेंट में देहांत हो चुका है। बेटियों की शादी करने के बाद अब उनके एक बेटा और एक बेटी की शादी होना बाकी थी।
एसपी बोले- महिला सीढ़ियों से उतरते समय गिरी
भिंड एएसपी कमलेश कुमार ने बताया कि दंदरौआ धाम में एक महिला की मौत हुई है। यहां कोई भगदड़ नहीं हुई। भीड़ अधिक होने से महिला सीढ़ियों से उतरते समय गिर गई थी। इसमें एक अन्य महिला घायल हुई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.