भोपाल कोलार सिक्सलेन प्रोजेक्ट:36 मकान-20 दुकानें हटाईं; कालोनियों की बाउंड्रीवॉल भी हटेगी

भोपाल5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल कोलार सिक्सलेन प्रोजेक्ट में आड़े आ रहे 36 मकान और 20 दुकानों को हटा दिया गया है। ये सभी रेस्ट हाउस तिराहे पर थे। जिन्हें हटाने को लेकर तीन दिन पहले भारी हंगामा भी हो चुका है। इसके बाद पुलिस के साये में इन्हें हटाया गया। हालांकि, कुछ कब्जे ऐसे भी हैं, जिनमें आधे मकान ही टूटे हैं। इस कारण कई परिवार परेशान हैं। जिला प्रशासन इनका सर्वे करा रहा है।

कुल 222 करोड़ रुपए में कोलार रेस्ट हाउस से गोल जोड़ तक 15.10 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन बनाया जा रहा है। गोल जोड़ की तरफ रोड का चौड़ीकरण किया जा रहा है तो आधा दर्जन पुल-पुलियाएं भी बनाई जा रही है। गोल जोड़ से बीमाकुंज तक अतिक्रमण को लेकर खास दिक्कत नहीं है, लेकिन कोलार गेस्ट हाउस तिराहे तक कई अतिक्रमण है। तिराहे पर झुग्गियां भी बनी हुई हैं। जिसे 15 दिन में हटाया जा चुका है। हालांकि, नोटिस एक महीने पहले ही दिए जा चुके थे। बावजूद शुक्रवार को यहां हंगामा हुआ था और दो पटवारियों से मारपीट की गई थी।

पुलिस के साये में हटाया
हंगामे के बाद प्रशासन ने पुलिस के साये में अतिक्रमण को हटाया। शनिवार और रविवार को सभी अतिक्रमण हटा दिए गए। सोमवार को लोग अपना सामान समेट रहे थे। सिक्सलेन के लिए 100 फीट के दायरे को क्लीयर किया जा रहा है।

शुक्रवार को कब्जा हटाने के दौरान कुछ लोगों ने पटवारियों पर हमला कर मारपीट की थी। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस के साये में अतिक्रमण हटाया।
शुक्रवार को कब्जा हटाने के दौरान कुछ लोगों ने पटवारियों पर हमला कर मारपीट की थी। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस के साये में अतिक्रमण हटाया।

जिनके आधे मकान टूटे, उनका सर्वे
कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनका आधा मकान ही टूटा है। इस कारण किसी का आधा तो किसी का एक ही कमरा बचा है। जिसमें परिवार के साथ रहना मुश्किल है। इसलिए उन्हें अन्य जगह विस्थापित किया जाए। इसके बाद एसडीएम संजय श्रीवास्तव और तहसीलदार अवनीश मिश्रा सर्वे करा रहे हैं।

इसलिए बनाया जा रहा सिक्सलेन
कोलार रोड के गोल जोड़ से बैरागढ़ चिचली के बीच की लंबाई 11Km है। इस बीच सर्व-धर्म, मंदाकिनी, बीमाकुंज, कान्हाकुंज, सीआई, चूना भट्‌टी एरिया, नयापुरा, ललितानगर, गेहूंखेड़ा, नहर की पुलिया समेत करीब 100 कॉलोनियां बसी है। यहां के लोग इसी रोड से आना-जाना करते हैं। बढ़ती आबादी के साथ अब सड़क काफी छोटी पड़ने लगी है। अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं, बारिश में सड़क पूरी तरह से जर्जर हो जाती है। इस बार भी ऐसी ही तस्वीर नजर आ रही है। इसलिए रोड की चौड़ाई की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लिहाजा, सीएम ने सिक्स लेन प्रोजेक्ट की मंजूरी दी।

सिक्सलेन में यह भी रहेगा

  • चूना भट्‌टी, मंदाकिनी, नयापुरा, ललितानगर, डी-मार्ट के पास आदि चौराहों का भी चौड़ीकरण होगा।
  • सभी लेफ्ट टर्न चौड़े किए जाएंगे।
  • कनेक्टिंग मार्गों को 50 से 200 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा।
  • मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते सेंट्रल वर्ज में 3 मीटर चौड़ी जगह छोड़ी जाएगी।
  • बीचों बीच डिवाइडर रहेंगे
  • लाइटिंग होने से सड़क पर रोशनी रहेगी
  • फुटपाथ भी बनेगा, ताकि कॉलोनियों के लोगों को राहत मिल सके