राजधानी भोपाल में एक 6 साल की मासूम को आवारा कुत्तों ने नोंच दिया। बच्ची ई-6 वर्धमान ग्रीन पार्क के पास अशोका गार्डन में अपने घर के सामने खेल रही थी। कुत्तों ने पैर में गहरे घाव कर दिए। पड़ोसियों ने दौड़कर उसे बचाया। बच्ची को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। 2 महीने पहले भोपाल में आवारा कुत्तों ने 4 साल की बच्ची को नोंच डाला था। यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था। अब फिर से मासूम बच्ची कुत्तों का शिकार हो गई।
यह घटना शुक्रवार शाम की है। अशोका गार्डन के आशीष वर्मा की छह वर्षीय बेटी निमिशा घर के बाहर खेल रही थी। तभी 3-4 कुत्तों ने निमिशा को घेर लिया। पिता आशीष ने बताया, कुत्तों ने निमिशा को जमीन पर गिरा दिया और काटने लगे। तभी पड़ोसियों और परिजनों ने दौड़कर कुत्तों को भगाया। बावजूद कुत्तों ने पैर में काट लिया। गहरा जख्म होने से निमिशा को प्राइवेट हॉस्पिटल में लेकर गए। वहां उसका इलाज किया गया।
पानी की टंकी पर चढ़ गए कुत्ते
नगर निगम की टीम को कुत्तों को पकड़ने के लिए खासी मशक्कत करना पड़ी। कुछ कुत्ते पानी की टंकी पर चढ़ गए। जिन्हें पकड़ने में निगम अमले को खासी मशक्कत करना पड़ी। हालांकि, एनजीओ के दवाब में कुछ दूर पर कुत्तों को छोड़ दिया गया।
एक महीने पहले भाई को भी काटा था
आशीष ने बताया, करीब एक महीने पहले छोटे भाई को भी कुत्तों ने काट लिया था। कॉलोनी में 8 से 10 आवारा कुत्ते घूम रहे हैं, जो चार से पांच लोगों को काट चुके हैं। शिकायत के बाद निगम ने कुत्तों को पकड़ तो लिया, लेकिन वे फिर आ गए।
निगम टीम ने पकड़े कुत्ते, हंगामा हुआ
कुत्तों की बढ़ती संख्या और बच्ची के साथ हुई घटना के बाद आशीष ने नगर निगम से शिकायत की। इसके बाद शनिवार सुबह नगर निगम की टीम कॉलोनी में पहुंची और करीब 10 कुत्तों को पकड़ा। इस दौरान एक एनजीओ के कुछ सदस्य वहां पहुंच गए और कुत्तों को पकड़ने पर हंगामा करने लगे। इस पर रहवासियों ने उन्हें जमकर लताड़ लगा दी।
दो महीने पहले खूब हुआ हो-हल्ला
राजधानी के बागसेवनियां इलाके में 1 जनवरी को चार साल की नन्हीं बच्ची पर 5 आवारा कुत्तों ने अटैक कर दिया था। बच्ची के सिर, कान और हाथ में गहरे घाव हुए थे। चेहरे के साथ ही पेट, कमर और कंधे पर भी चोट लगी थी। इसके बाद खूब हो-हल्ला हुआ था। हाईकोर्ट ने मामले को संज्ञान में लेकर कलेक्टर और निगम कमिश्नर से जवाब मांगा था। वहीं, CM शिवराज सिंह चौहान ने भी नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद निगम ने कुत्तों को पकड़ने की मुहिम शुरू की थी, जो कुछ दिन बाद ही ठंडी पड़ गई। अब फिर से कुत्तों की संख्या बढ़ गई हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.