इस साल बदला ट्रेंड:भोपाल में 1128 एजुकेशन लोन में से 763 लड़कियों ने लिया, लड़कों से 67.64% ज्यादा

भोपाल6 महीने पहलेलेखक: मनीष व्यास
  • कॉपी लिंक

एजुकेशन लोन लेने में लड़के 7 साल से आगे चल रहे थे, लेकिन अब इसका ट्रेंड बदल गया है। इस साल अब तक दिए गए 1128 एजुकेशन लोन में 763 लड़कियों ने लोन लिया है, जो कि कुल लोन का 67.64% हैं। जबकि 32.36% लड़कों ने उच्च शिक्षा के लिए लोन लिया है।

दैनिक भास्कर ने जिले के 40 प्रमुख बैंकों की पड़ताल की तो पता चला कि पिछले 7 साल से जो ट्रेंड चल रहा था, वो इस साल बदल गया। लीड बैंक के आंकड़े बताते हैं कि इस अवधि में भोपाल जिले में 8993 एजुकेशन लोन दिए जा चुके हैं। इसके तहत 443.17 करोड़ की राशि का लोन वितरित किया जा चुका हैं। इनमें 4948 ( 55.03% ) लड़कों को 264.47 करोड़ और 4045 ( 44.97% ) लड़कियों को 178.70 करोड़ का लोन दिया गया है।

भास्कार Analysis - डॉक्टर-इंजीनियर बनने के लिए बेटियां बढ़-चढ़कर लोन ले रहीं

जानिए, एजुकेशन लोन लेने की प्रक्रिया और कितनी राशि का लोन कैसे मिलेगा

4 लाख तक का लोन बिना गारंटी के बंद कर दिया
एजुकेशन लोन अब दो श्रेणी में मिलता है। पहली श्रेणी में 7.5 लाख तक का और दूसरी में इससे ज्यादा। पहले 3 श्रेणी में यह लोन मिलता था, लेकिन पिछले साल ही 4 लाख तक का लोन जो कि बिना गारंटी के मिलता था, उसे बंद कर दिया गया।

7.5 लाख तक का लोन पिता के साथ संयुक्त ही मिलेगा
7.5 लाख तक का एजुकेशन लेन लेने के लिए बैंक स्टूडेंट्स के साथ पिता को संयुक्त तौर पर देती है। बैंक जिस लड़की या लड़के को लोन देगा, उसके पिता को भी संयुक्त रूप से लोन धारक मानेगा। ताकि लोन की किस्तें आसानी से ले सके।

7.5 लाख से ज्यादा का लोन के लिए सिक्योरिटी देनी पड़ेगी
साढ़े सात लाख से ज्यादा का एजुकेशन लोन लेने के लिए बैंक में थर्ड पार्टी गारंटर जरूरी है। इसके साथ ही सिक्योरिटी देनी होगी। प्रॉपर्टी, गोल्ड या एफडी गिरवी रखने पर ही यह लोन मिलेगा। हालांकि गारंटर नहीं हो तो भी चल सकता है।

32.36% लड़कों को लोन, लड़कियों से 9.96 करोड़ ज्यादा
इस साल 1128 एजुकेशन लोन के तहत 69.16 करोड़ रु. बैंकों ने बांटे। इसमें 763 लड़कियों ने 29.60 करोड़ का, जबकि 365 लड़कों ने 39.56 करोड़ का लोन लिया। संख्या के मामले में भले ही लड़कियां दोगुनी हो गई, लेकिन राशि लड़कों ने 57.20% ज्यादा ली।

एक्सपर्ट व्यू - लड़कियाें की एजुकेशन लोन डिमांड बढ़ी
"शिक्षा के लिए लोन को लेकर बदलाव आया है। पहले लड़के ज्यादा यह लोन लेते थे, लेकिन भोपाल जिले में नए ट्रेंड के तहत लड़कियों में एजुकेशन लोन की डिमांड बढ़ी है। डॉक्टर-इंजीनियर, एमबीए व अन्य कोर्स के लिए बैंकों में लोन लेने के लिए लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की संख्या ज्यादा हो रही है। एजुकेशन लोन के लिए कोर्स के समय के अलावा 7 साल का समय और दिया जाता है। जैसे एमबीबीएस के लिए लोन लिया है तो चार साल और 7 साल यानी, 11 साल में लोन चुकता होगा। अभी साढ़े सात लाख तक और इससे ज्यादा का एजुकेशन लोन दिया जा रहा है।"
- राजगोपाल अय्यांगर, लीड बैंक मैनेजर