• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Bhopal
  • 8 Cases Found Again In Bhopal, Highest In The State; 3 New Cases In Indore And 2 New Cases In Gwalior

भोपाल में छठे दिन सबसे ज्यादा केस:इंदौर के गरिमा विद्या निकेतन में पढ़ रहे भाई-बहन संक्रमित, भोपाल के जुमेराती में बिना वैक्सीन सामान नहीं

मध्यप्रदेशएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के 15 नए केस सामने आए हैं। इनमें भोपाल में लगातार छठे दिन सबसे ज्यादा 8 पॉजिटिव मिले हैं। 6 दिन में मध्यप्रदेश में कुल 88 पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें अकेले भोपाल के 54 मामले शामिल हैं। यानी 60% से ज्यादा केस भोपाल में मिल रहे हैं। इससे चिंता बढ़ गई है। दूसरे नंबर पर इंदौर है। यहां पर 6 दिन में 22 केस सामने आ चुके हैं। लगातार दूसरे दिन दो और स्टूडेंट संक्रमित मिले हैं। दोनों भाई-बहन हैं।

भोपाल कोरोना का हॉटस्पॉट बन गया है। यहां हर दिन सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। 27 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच ही 54 केस मिल चुके हैं। इस कारण अब मास्क को लेकर सख्ती दिखाई जा रही है। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बिना मास्क के घूमने पर 500 रुपए तक जुर्माना लगाने को कहा है। CM शिवराज सिंह चौहान भी संक्रमितों के बढ़ते आंकड़ों पर चिंता जता चुके हैं। भोपाल के थोक किराना व्यापारियों ने भी बड़ा निर्णय किया है। थोक किराना बाजार जुमेराती हनुमानगंज में ग्राहक को सामान खरीदने के लिए वैक्सीन के दोनों डोज लगवाना जरूरी कर दिया है। अब बिना मास्क के भी यहां प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भोपाल की पूरी खबर पढ़ें

यहां भी मिले पॉजिटिव

पिछले 24 घंटे के भीतर भोपाल में 8 केस मिले। वहीं, इंदौर में 3, ग्वालियर में 2, जबलपुर और शहडोल में 1-1 केस मिले हैं।

इंदौर में दो और स्टूडेंट संक्रमित
इंदौर में एरोड्रम क्षेत्र में गरिमा विद्या निकेतन में पढ़ने वाले दो भाई-बहन संक्रमित पाए गए हैं। बहन नौवीं में पढ़ती है जबकि भाई छठी क्लास में है। हालांकि, दावा किया गया है कि यह ऑनलाइन क्लास ही ले रहे थे। बताया गया कि इनके दादा पहले संक्रमित पाए गए, इसके बाद जांच कराने पर इन दोनों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
इससे पहले दो अलग-अलग स्कूलों में पढ़ने वाले भाई-बहन भी संक्रमित पाए जा चुके हैं। इस तरह स्टूडेंट के संक्रमित होने की संख्या चार हो गई है। सभी की स्थिति सामान्य है। इंदौर की पूरी खबर पढ़ें

प्रदेश में 58 हजार से ज्यादा टेस्ट
प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 58 हजार 161 कोरोना के टेस्ट किए गए। हालांकि, CM शिवराज सिंह चौहान ने टेस्ट बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 1 दिसंबर को यह संख्या 70 हजार तक करने को कहा था, लेकिन 2 दिन के बाद भी टेस्ट नहीं बढ़े हैं।

प्रदेश में 134 एक्टिव केस
इधर, मध्यप्रदेश में एक्टिव केस भी बढ़ गए हैं। अब एक्टिव केस 134 हो गए हैं। पिछले 24 घंटे में 9 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 205 लोग पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 543 ठीक हो गए। कोरोना के कारण 10 हजार 528 लोग जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट 98.65% है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 0.02% है।

खबरें और भी हैं...