एक बार फिर नगर निगम मुख्यालय के निर्माण की कवायद शुरू हुई है। लिंक रोड नंबर दो पर सेंट मेरी स्कूल के सामने बनने वाले नए मुख्यालय में सदर मंजिल जैसे 3 ब्लॉक होंगे। यानी बीच में ओपन होगा और आसपास कमरे बनेंगे। बीच वाली मेन बिल्डिंग में फव्वारा भी लगेगा। बीच वाली 8 मंजिला बिल्डिंग 27 मीटर की होगी व आसपास के दोनों ब्लॉक 4 मंजिला यानी 12 मीटर के होंगे। पूरा कैंपस 4 एकड़ में बनेगा। इसके निर्माण पर लगभग 23 करोड़ खर्च होंगे। यदि सब कुछ ठीक रहा तो इस साल के अंत तक निर्माण शुरू हो जाएगा।
ग्रीन बिल्डिंग के कंसेप्ट पर निर्माण - मुख्यालय भवन का प्लान तैयार करने वालीं आर्किटेक्ट आराधना विक्रम मोहिले ने बताया कि ग्रीन बिल्डिंग के कंसेप्ट पर मुख्यालय बनाया जाएगा और लागत कम करने के लिए इसे हाईराइज नहीं बनाया जा रहा है। अलग-अलग दफ्तरों के काटने पड़ते हैं चक्करनिगम मुख्यालय अभी 10 जगहों पर बंटा है। माता मंदिर, पीएचई दफ्तर, लिंक रोड नंबर-3, आईएसबीटी, न्यू मार्केट, आचार्य नरेंद्रदेव पुस्तकालय, श्यामला हिल्स, शाहपुरा व पुराने शहर के फतेहगढ़ में 4 अलग-अलग भवन में निगम के दफ्तर लगते हैं। लोगों काम के लिए इन भवनों के चक्कर काटना पड़ते हैं। निगम भोपाल का मुख्यालय स्थापना के समय से ही सदर मंजिल में था। 2015 में इसे खाली कर दिया गया।
ऐसा रहा सफर-1994 में उमाशंकर गुप्ता के महापौर बनने के बाद निगम मुख्यालय जहांगीराबाद के यातायात पार्क में बनाने का प्रस्ताव आया। कृष्णा गौर के कार्यकाल में माता मंदिर स्थित पीएचई विभाग की जमीन पर मुख्यालय बनाने की तैयारी हुई।
इन पैसों से बनेगा-निगमायुक्त वीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर तैयार हो रहे मार्केट और नगर निगम के व्यावसायिक प्लाटों की बिक्री से आने वाली रकम से मुख्यालय भवन का निर्माण होगा। दो साल में यह बन जाएगा।
इंदौर में मुख्यालय से बाहर बैठना पसंद करते हैं अफसर
इंदौर में नगर निगम के पास अपना व्यवस्थित मुख्यालय है, लेकिन अफसर मुख्यालय की बजाय स्मार्ट सिटी, मेट्रो और एआईसीटीएल के दफ्तर में बैठना पसंद करते हैं। शहर के लोगों का मानना है कि ऐसे में केवल मुख्यालय बना देना ही काफी नहीं है, बल्कि अफसरों की सीट पर उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाना चाहिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.