- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Bhopal Upper Collector Lakshmi Gamad Facebook Controversy | Tantra Mantra Post
'दुश्मनों ने भूत भेजे, वो भी मुझे मालकिन कहने लगे':मेरे सामने अदब से सिर झुकाया; लेडी अफसर लक्ष्मी गामड़ की पोस्ट वायरल
- कॉपी लिंक

भोपाल की अपर नियंत्रक (गवर्नमेंट प्रेस) लक्ष्मी गामड़ की एक सोशल मीडिया पोस्ट इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने अपनी फोटो शेयर करते हुए लिखा कि उनके दुश्मनों ने तांत्रिक के जरिए भूतों को बुलाकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन भूतों ने उनका कुछ बिगाड़ने के बजाय उन्हें अपनी मालकिन मान लिया।
उन्होंने फेसबुक पर लिखा,

मेरे दुश्मनों ने तांत्रिक बिठाया, तांत्रिक ने भूतों को बुलाया। भूतों ने मुझे देखा और अदब से झुककर बोले- मालकिन, क्या आदेश है...। हां नी तो लक्ष्मी, आए थे बड़े मुझे काबू करने।


2008 बैच की राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं
लक्ष्मी गामड़ 2008 बैच की राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। जनवरी 2026 से वे भोपाल स्थित गवर्नमेंट प्रेस में अपर नियंत्रक के पद पर पदस्थ हैं।
उनकी यह पोस्ट दो दिन पुरानी है। इसी पोस्ट पर एक अन्य कमेंट में उन्होंने लिखा, “अगर आप अपने चेहरे पर मुस्कान बनाए रखना चाहते हैं और जिंदगी जीने का अंदाज सीखना चाहते हैं, तो मेरे साथ बने रहिए।”
उन्होंने लोगों से अपनी प्रोफाइल को सब्सक्राइब करने की अपील भी की।
कुछ लोगों को मजाक समझ नहीं आता
अपर कलेक्टर लक्ष्मी गामड़ ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि कुछ लोगों को मजाक भी समझ नहीं आता। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “अगर इसके लिए कोई कोचिंग है तो उनका पता बता दो भाई। सो सॉरी।”
वहीं, 24 घंटे पुरानी एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैं अपनी प्रशासकीय दक्षता की तारीफ खुद करने लगूंगी तो बेचारे पीआरओ क्या करेंगे। हां नी तो लक्ष्मी।”
'मोहब्बत अधूरी हो सकती है, खत्म नहीं'
सोशल मीडिया पर एक्टिव लक्ष्मी गामड़ ने एक पोस्ट में लिखा, “बड़ा गजब किरदार है मोहब्बत का... अधूरी हो सकती है, मगर खत्म नहीं।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “आप उन छवियों के लिए जिम्मेदार नहीं हो, जो दूसरों के दिमाग में आपके लिए बनी हुई हैं।”
लक्ष्मी गामड़ इससे पहले भी सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट करने के चलते चर्चा में रह चुकी हैं।
7 महीने पहले चमाट वाली पोस्ट से चर्चा में आईं
करीब 7 महीने पहले लक्ष्मी गामड़ अपनी 'चमाट' वाली पोस्ट को लेकर काफी चर्चा में आई थीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, “आवश्यकता है एक असिस्टेंट की, जो मेरी तरफ से जब भी जरूरत पड़े तो सामने वाले को जाकर दो चमाट रसीद कर सके। वैकेंसी ओपन... योग्यता मिलकर बताई जाएगी।”
इस पोस्ट के बाद वह काफी चर्चा में रहीं। यूजर्स उन्हें ट्रोल करने लगे। इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट किया। इसमें लिखा, “मेरी एक चमाट वाली पोस्ट ने तहलका मचा दिया। कुछ लोग मुझे जज करने लगे कि मुझे अपनी मर्यादा में रहना चाहिए। महिला ऑफिसर हूं, इसलिए कुछ हदें होनी चाहिए। क्यों भाई, अपने सम्मान और छेड़छाड़ के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए?”
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होने के बाद महिला अधिकारी ने इसे डिलीट कर दिया था।

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं लक्ष्मी गामड़
लक्ष्मी गामड़ अलग-अलग रील बनाकर भी सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। उनकी फेसबुक प्रोफाइल पर सार्वजनिक जगहों पर बनाई गई कई रील मौजूद हैं।
वहीं, 1 मई को मजदूर दिवस की बधाई देते हुए भी उन्होंने एक पोस्ट किया था, जो काफी वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने लिखा था, “ऐसा बिल्कुल नहीं कि बीवियां सिर्फ खून पीती हैं। हम भी कभी-कभी मजदूरों पर तरस खाकर खून भी दान देते हैं।”






















