भोपाल के MVM मैदान पर रावण दहन कार्यक्रम को बीच में छोड़कर कांग्रेस के पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा चले गए। मंच पर भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर भाषण दे रहीं थीं। प्रज्ञा ने कहा- कांग्रेस की भारत में जगह नहीं है। कांग्रेस के एक विधायक ने उनके बीमार होने पर उनके गुमशुदगी के पोस्टर लगवाए थे। ऐसे लोग विधायक बनने लायक नहीं है। इतना सुनना था कि विधायक पीसी शर्मा ने कुर्सी छोड़ दी। भाजपा प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानें।
प्रज्ञा ठाकुर ने ये कहा
हम पीड़ित दूसरों की पीड़ा से भी होते हैं। इसलिए हम नहीं पूछेंगे, क्योंकि वे बीमार हैं। मानवीयता मत खो। संवेदना मत भूलो। पशु भी अपने बच्चे के मरने पर संवेदनशील हो जाता है। यह तो पशु से भी गए बीते हैं। बीमार को पहले प्रताड़ना दी। हम बीमार होते हैं, तो हमारे गुमशुदा के पोस्टर लगा देते हैं। शर्म देती हूं ऐसे लोगों को। यह तो विधायक बनने लायक नहीं हैं, लेकिन विधायक बनते हैं। अपने को हिंदू कहते हैं। संवेदनाहीन होते हैं। हमला करने वालों के मरने पर रोते हैं। शर्म आनी चाहिए ऐसे कांग्रेसियों को और शर्म आना चाहिए ऐसे देशद्रोहियों को। इनकी जगह भारत में नहीं है। भारत में सिर्फ राष्ट्रभक्त रहेगा।
सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने आगे कहा- कांग्रेस ने उन्हें बहुत प्रताड़ित किया है। मैं कुछ दिन नजर नहीं आई तो कांग्रेस ने मेरे खिलाफ गुमशुदगी की शिकायत कर दी। मैं दर्द में थी तो मुझे प्रताड़ित किया। मेरे खिलाफ पोस्टर लगाए। लेकिन, भोपाल उत्तर के विधायक 3 साल से नहीं दिखाई दे रहे हैं तो हम चुप हैं, क्योंकि वे बीमार हैं। यह संवेदना की बात है। यह हमारे संस्कार हैं।
दिग्विजय पर भी तंज
लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसा। उन्होंने कहा- वे खुद को नर्मदा पुत्र कहते थे। मैंने कहा मैं तो राष्ट्र की बेटी हूं। नर्मदा परिक्रमा करने से कोई अधर्मी पवित्र नहीं हो जाता। प्रज्ञा ने कांग्रेस नेताओं को हिंदू विरोधी भी कहा।
शर्मा बोले- सांसद की जमानत निरस्त होना चाहिए
पीसी शर्मा ने कहा कि भगवा वस्त्रधारी सांसद ने मां नर्मदा का अपमान किया है। पहली बार दशहरा के मंच पर राजनीतिक बातें हुई हैं। यह बहुत आपत्तिजनक है। हम सांसद के विरोध का अभियान चलाएंगे। प्रज्ञा सिंह को स्वास्थ्य के आधार पर जमानत मिली हुई है, वह निरस्त होना चाहिए।
2020 में लगे थे गुमशुदगी के पोस्टर
भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर के लापता होने के पोस्टर 2020 में लगे थे। भोपाल में कई स्थानों पर प्रज्ञा की फोटो के साथ लगे इन पोस्टर्स में सांसद को लापता बताया गया था। इस मामल में तब पीसी शर्मा का बयान आया था। उन्होंने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद भी सांसद प्रज्ञा भोपाल से गायब हैं। वहीं, चुनाव हारने के बाद भी दिग्विजय सिंह जनता की सेवा कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.