करीब 3 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भोपाल के सुभाष नगर ROB (रेलवे ओवरब्रिज) से ट्रैफिक की शुरुआत हो गई है। CM शिवराज सिंह चौहान ने शाम 5.30 बजे ROB का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ब्रिज से ट्रैफिक शुरू हो गया। ROB के चालू होने से नए-पुराने शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। हर रोज एवरेज 3 लाख लोगों को फायदा मिलेगा। मंच पर पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। सीएम ने कहा कि अब मेडिकल की पढ़ाई भी प्रदेश में हिंदी में होगी। मुख्यमंत्री ने खुली जीप में ब्रिज का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा शाम को ब्रिज के ऊपर आसमान में आतिशबाजी भी की गई।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि चलती-फिरती रसोई चलाएं, ताकि मजदूर व जरूरतमंदों को 10 रुपए में भोजन मिल सके। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगे। कम से कम 10 हजार रुपए महीने की आमदनी हो।
सीएम ने कहा कि भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क बन रहा है। यहां के युवाओं में हुनर है। उसे निखारा जाएगा। मुख्यमंत्री ने सीएम राइज स्कूल के बारे में भी जानकारी दी। इससे पहले CM चौहान ने सुभाष नगर चौराहे पर सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण और आजाद हिंद फौज कॉन्सेप्ट पार्क का भूमि पूजन भी किया। सबसे पहले उन्होंने बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद आरओबी का लोकार्पण किया।
कोरोना पर जताई चिंता
सीएम चौहान ने कोरोना की तीसरी लहर पर चिंता जताई। कहा कि तीसरी लहर में केस बढ़े हैं, लेकिन वैक्सीन लगने से उसका असर कम हो रहा है। सीएम ने सभी लोगों को वैक्सीन लगवाने की बात कहीं। वहीं, मास्क पहनने की समझाइश भी दी। मंच पर गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद थे। कार्यक्रम करीब एक घंटा चला।
बता दें कि ब्रिज का लोकार्पण, प्रतिमा का अनावरण और पार्क का भूमिपूजन कार्यक्रम शाम साढ़े 4 बजे होना था, लेकिन कार्यक्रम करीब एक घंटा लेट हो गया।
बिना मास्क के मौजूद लोग
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कोरोना संक्रमण के बावजूद कई लोगों ने चेहरे पर मास्क नहीं लगाया था।
आरओबी करीब 23 महीने पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन मेट्रो के पिलर-गर्डर लॉन्चिंग के चलते आरओबी से ट्रैफिक की शुरुआत नहीं हो पाई थी। मेट्रो का काम पूरा होने के बाद आरओबी से ट्रैफिक चालू करने का रास्ता साफ हुआ। इससे पहले 5 से 12 जनवरी के बीच आरओबी से ट्रैफिक का ट्रायल हो चुका है। इसके बाद डिवाइडर, रोटरी बनाई गई है।
40 करोड़ रुपए में बना है आरओबी
ROB करीब 23 महीने पहले ही बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन मेट्रो प्रोजेक्ट और सर्विस रोड की वजह से ट्रैफिक शुरू नहीं हो पाया था। ब्रिज 40 करोड़ रुपए में बना है। 690 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा यह ROB नए को पुराने शहर को जोड़ेगा।
जाम से मिलेगी राहत
ROB से ट्रैफिक शुरू होने के बाद रोज एवरेज 3 लाख लोगों को फायदा होगा। वहीं, सुभाष नगर व रचना नगर अंडर ब्रिज के साथ अशोका गार्डन पर घंटों लगने वाले जाम की समस्या भी हल होगी। आरओबी से एमपी नगर और प्रभात चौराहा क्षेत्र से भोपाल स्टेशन, अशोका गार्डन व पिपलानी, गोविंदपुरा, एमपी नगर, रचना नगर की ओर आने-जाने वालों को सहूलियत होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.