- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Dindori Political Controversy | Laxman Markam Vs Phaggan Singh Kulaste News
सीएम के अपर सचिव का मंडला सांसद को जवाब:लक्ष्मण मरकाम बोले-आप खुद स्वास्थ्य राज्य मंत्री थे, फिर मेडिकल कॉलेज क्यों पिछड़ा?
- कॉपी लिंक

मध्य प्रदेश की आदिवासी राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों एक नया सियासी घमासान छिड़ गया है। मंडला से भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम आमने-सामने आ गए हैं।
गुरुवार को डिंडौरी दौरे पर सांसद कुलस्ते ने विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाने वाले अपर सचिव मरकाम पर तीखा हमला बोला था और उन्हें चुनाव लड़ने की चुनौती तक दे दी थी ।
अब इस पूरे विवाद पर अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने एक वीडियो जारी कर न केवल अपनी सफाई दी है, बल्कि बेहद सधे हुए और तीखे अंदाज में सांसद को उन्हीं के कार्यकाल और पद की जिम्मेदारियां याद दिलाई हैं।
मरकाम ने कहा था- जिले ने सुनहरे अवसर गंवा दिए
विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई थी, जब अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम सरकारी प्रवास पर मंडला पहुंचे थे। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा था कि मंडला जिले ने विकास के कई सुनहरे अवसर गंवा दिए हैं।
उन्होंने पर्याप्त आदिवासी बजट होने के बावजूद इसका सही इस्तेमाल न होने और जिले में मेडिकल व पॉलिटेक्निक कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के पिछड़ने पर चिंता जताई थी।

कुलस्ते ने कहा था: जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए
मरकाम के इन बयानों पर गुरुवार को डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भड़क गए। कुलस्ते ने सख्त लहजे में कहा कि सरकार को बदनाम करने और जनता को भड़काने वाले अफसर नहीं चाहिए, यदि राजनीति करनी है तो वे चुनाव लड़कर जनता के बीच जाएं।
सांसद ने मरकाम के पिछले कार्यकाल का हिसाब मांगते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री के विशेष सहायक रहते हुए उन्होंने मंडला, डिंडौरी, सिवनी और नरसिंहपुर के लिए कितनी योजनाएं जमीन पर उतारीं और मेडिकल कॉलेज की वन स्वीकृति के लिए क्या किया? कुलस्ते ने साफ कहा कि उनकी लोकप्रियता का फैसला जनता करेगी, कोई नौकरशाह नहीं।

मरकाम बोले: किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं
सांसद की इस तीखी नाराजगी के बाद अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम ने सोशल मीडिया के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने सांसद के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि उनके बयान को गलत चश्मे से देखा गया है और यह किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं है। हालांकि, अपनी सफाई के दौरान उन्होंने तथ्यों और नियमों का हवाला देते हुए सांसद को घेरा भी।
मरकाम ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन पिछड़े जिलों को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी थी, उसमें मंडला भी शामिल था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दूसरे जिलों में कॉलेज खुल गए, तो मंडला का प्रोजेक्ट क्यों लटक गया?

मरकाम ने स्पष्ट किया कि जिलों में केंद्र की योजनाओं की निगरानी के लिए बनी 'दिशा' (DISHA) समिति के अध्यक्ष स्वयं सांसद होते हैं और वे खुद उस समय केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी थे, ऐसे में जनता की यह अपेक्षा स्वाभाविक थी कि यह अवसर हाथ से न जाने पाए।






















