भोपाल में बीते 48 घंटे में करीब ढाई इंच तक पानी गिर गया। इससे कई इलाकों में पानी भर गया, जबकि रात भर बिजली के आने-जाने से लोगों को परेशानी हुई। भोपाल में बीते 10 साल में तीसरी बार सबसे ज्यादा पानी गिरा, जबकि इससे पहले 2016 में 3 इंच और 2019 में 5.5 इंच बारिश हुई थी।
खास बात यह है कि 2016 में 3 इंच बारिश 4 दिन और 2019 में 5.5 इंच बारिश 5 दिनों के दौरान हुई थी। अभी अक्टूबर आधा ही बीता है, ऐसे में अब अगर और बारिश होती है, तो अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश भी हो सकती है। बीती रात करीब 9 बजे से सुबह 8.30 बजे भोपाल में करीब 2 इंच पानी गिर चुका है। सुबह से भी शहर में कई इलाकों में बौछारें पड़ रहीं है।
भोपाल की अक्टूबर में बारिश
वर्ष | बारिश इंच में | बारिश के दिन |
2020 | 1 | 2 |
2019 | 5.5 | 5 |
2018 | 0.5 | 1 |
2017 | 0 | 0 |
2016 | 3 | 5 |
2015 | 0.03 | 1 |
2014 | 0.5 | 2 |
2013 | 1 | 3 |
2012 | 0 | 0 |
2011 | 0 | 0 |
यह प्रभावित करता है
दक्षिण पश्चिमी मानसून सामान्यत: भोपाल से सितंबर के अंतिम सप्ताह में चला जाता है। इससे बादलों के आने की संख्या बहुत कम हो जाती है। सितंबर की तुलना में इस महीने में दिन ज्यादा गर्म और रातें ज्यादा ठंडी रहती है। मुख्य रूप से बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान आंध्र तट को पार कर भोपाल में कभी कभार बारिश कराता है। दिन उमस भरे रहते हैंं।
एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश 2009 में हुई थी
भोपाल में बीते दो दिन से बारिश हो रही है। दो दिन में करीब 2.5 इंच तक पानी गिर चुका है। भोपाल में 1955 में सबसे ज्यादा बारिश 7.5 इंच हुई थी। इसके अलावा 6 अक्टूबर 2009 में एक दिन में सबसे ज्यादा 5 इंच पानी गिरा था।
अगले 24 घंटे बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी भोपाल और उसके आसपास के इलाकों में अगले चौबीस घंटों के दौरान बारिश होते रहने की संभावना है। हवा भी 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती है।
यहां लोग परेशान हुए
बीते चौबीस घंटों से रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति बनी, जबकि कई जगहों पर बिजली गुल हो गई। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी हुई। अशोका गार्डन, ऐशबाग, निशातपुरा, बजरिया, कोलार और छोला मंदिर इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी हुई। यहां पर सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम और बिजली गुल होने की शिकायतें आईं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.