- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Home Minister Said In Jamboree Maidan – CM Shivraj Made Tribals The Masters Of The Forest, For The First Time In The Country
भोपाल में शाह ने की शिवराज की तारीफ:जंबूरी मैदान में गृहमंत्री बोले- CM ने आदिवासियों को जंगल का मालिक बनाया, देश में ऐसा पहली बार
भोपाल के जंबूरी मैदान में तेंदुपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की। उन्होंने कहा- देश में ऐसा पहली बार है, जब किसी सरकार ने आदिवासियों को जंगल का मालिक बनाया है। शिवराज का यह कदम अनुकरणीय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जो विचारधारा है, गरीब से गरीब को अधिकार मिले, उस स्वप्न को शिवराज सिंह साकार करने का काम कर रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आदिवासियों से कहा कि ये जल, जमीन, जंगल आपके हैं। अब जंगल आप ही बचाओगे। जंगल आपको सौंप दिए गए हैं, वन विभाग सिर्फ सहयोग करेगा। जंगल की लकड़ी जितने में बिकेगी, उसका 20% आदिवासियों को मिलेगा। तेंदूपत्ता तुड़वाने के अभी 250 रुपए प्रति 100 गड्डी दिए जाते थे, अब वह बढ़ाकर 300 रुपए प्रति 100 गड्डी किए जाएंगे।
अमित शाह ने मध्यप्रदेश के 26 जिलों में स्थित 28 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने के निर्णय की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। शाह और मुख्यमंत्री ने 'वन समितियों का सम्मेलन' में हितग्राहियों को तेंदूपत्ता के लाभांश का वितरण किया। बता दें कि 6 महीने पहले 15 नवंबर 2021 को इसी जंबूरी मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय सम्मेलन में शिरकत की थी। मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को पौधा भेंट कर स्वागत किया। सागर के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य से शाह का स्वागत किया।
सीएम हाउस में गृहमंत्री का स्वागत करते सीएम शिवराज सिंह चौहान। पास में केंद्रीय मंत्री सिंधिया।
ये भी थे मंच पर
मंच पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रहलादसिंह पटेल, एल. मुरूगन, BJP राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा प्रदेश सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा, विजय शाह, अरविंद भदौरिया, भूपेंद्र सिंह, विश्वास सारंग, सांसद साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर, कलसिंह भाबर, ओपी धुर्वे भी मौजूद थे।
जंबूरी मैदान के मंच पर गृहमंत्री को हाथों से बने खिलौने भी बतौर उपहार सौंपे गए।
शाह के भाषण की प्रमुख बातें:-
- आज एक ही बार में 827 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों को परिवर्तन किया है। ये आपके जीवन में बहुत बड़ा परिवर्तन लाने का फैसला है। राज्य में हमारा भी हिस्सा है, इस अधिकार के साथ आज यहां से जा रहे हैं।
- मध्यप्रदेश में 21% अनुसूचित जनजाति की आबादी रहती है। जब तक जनजातीय भाइयों-बहनों का कल्याण नहीं होता, प्रदेश का कल्याण नहीं होता।
- पहली बार देश में कोई राज्य सरकार जंगलों का मालिक जनजाति भाइयों को बनाने का काम कर रही है। पहली बार जंगल से जो भी कमाई होती है। इसका 20% हिस्सा वन समिति के हाथ में सौंपकर आपको इसका सीधा मालिक बनाने का काम किया है।
- दस साल में सकल घरेलू उत्पाद में 200% की वृद्धि मध्यप्रदेश ने की है। ये रुकने वाले कार्य नहीं है। जितने भी कार्य जनजातीय भाइयों के लिए हमने घोषित किए हैं, वे सभी पूरे होंगे।
- 2022 के अंत के पहले अपना घर देने का संकल्प मोदीजी ने किया, हर घर में बिजली पहुंचाने, शौचालय बनाने का काम समाप्त हो गया है। हर घर में जल, नल से पहुंचाने का प्रयोग शुरू हो गया है, जो 2024 तक पूरा हो जाएगा।
जंबूरी मैदान में कुछ इस तरह दिखे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह।
CM के भाषण की प्रमुख बातें:-
- तेंदूपत्ते का बोनस बांटने का काम शुरू किया है। आज से 125 करोड़ रुपए 22 लाख तेंदूपत्ता तोड़ने वाले गरीबों के खाते में जाना प्रारंभ होगा।
- ये अभी तक नहीं होता था, वन ग्राम में रहने वाले किसान भाइयों अब प्राकृतिक आपदा होने पर आपको पर्याप्त मुआवजा देने का अधिकार होगा।
- वन ग्राम राजस्व ग्राम बन जाने से आपके पास जो जमीन है, उसके खाते बनेंगे, किस्तबंदी होगी, खसरा-नक्शा आपको प्राप्त होंगे, नामांतरण, बंटवारा होगा।
- जंगल बदलने की प्रक्रिया ग्राम सभा करेगी।मप्र ने अपने वनवासी भाई-बहनों को जंगल सौंपने का काम किया है। वन विभाग केवल सहयोग करने का काम करेगा।
- पेसा एक्ट क्रमश: मप्र में लागू किया जाएगा, मप्र में यह प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। ये जमीन और जंगल आपके हैं, सामुदायिक वन प्रबंधन का अधिकार एक क्रांतिकारी कदम है। जंगल से जो लकड़ी निकलेगी, उसकी आय आप ही प्राप्त करोगे।
जंबूरी मैदान पर वन विभाग ने प्रदर्शनी भी लगाई। जिसे देखते अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान।
जंबूरी मैदान में ये भी खास
- BJP राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय मंच पर पहुंचने में लेट हो गए। वे सीएम चौहान के भाषण के दौरान मंच पर आए।
- शिवराज की पूरी कैबिनेट सामने दर्शक दीर्घा में बैठी थीं।
- कार्यक्रम में देशभक्ति के तरानों ने लोगों को खूब मोहा।
- जंबूरी मैदान के हेलीपेड पर दो गृहमंत्री के दो हेलीकॉप्टर उतरे। इनमें से एक में गृहमंत्री और मुख्यमंत्री सवार थे।
- गृहमंत्री हेलीपेड से जंबूरी मैदान तक बाय रोड आए। रोड किनारे कई पंरपारिक नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा रही थी।
जंबूरी मैदान में प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री हितग्राही से बात करते हुए।
भोपाल में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी बनाने का ऐलान
इससे पहले उन्होंने 48वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के कार्यक्रम शिरकत की। सेंट्रल अकादमी फॉर पुलिस ट्रेनिंग (CAPT) में हुए आयोजन में शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भोपाल में नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब अंग्रेजों की डंडा मार पुलिस नहीं चलेगी, नॉलेज, सबूत और तर्कपूर्ण पुलिसिंग जरूरी है। यहां पढ़िए पूरी खबर
जनजातीय वर्ग को ये सौगातें मिलीं
- प्रदेश में अभी तेंदूपत्ता संग्राहकों को 70% बोनस मिलता है। नई घोषणा में पेसा अधिनियम के अनुसार तेंदूपत्ता विक्रय से होने वाले लाभ पर 75% संग्राहक को, 10% राशि संग्राहकों के सामाजिक-आर्थिक कल्याण के लिए, 10% राशि वन क्षेत्रों में लघु वनोपज प्रजातियों के संरक्षण पर और 5% ग्राम सभाओं को दी जाएगी।
- वन विभाग अब राष्ट्रीय उद्यानों में पर्यटकों के प्रवेश से मिलने वाली राशि में से 33% वन समितियों को देगी। समिति आवंटित क्षेत्र में ईको पर्यटन का कार्य कर सकेगी। इससे होने वाली आय वन समिति को मिलेगी।
- प्रदेश के एक तिहाई गांव वन क्षेत्रों के अंदर या उसके आसपास बसे हैं। इनकी संख्या लगभग 15 हजार है, जिनकी आजीविका जंगल पर आधारित है। 5 हजार वन समितियों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए माइक्रो प्लान लाया जाएगा।
- वन समितियों का गठन ग्राम सभा करेगी। समिति में महिलाओं को शामिल करना अनिवार्य होगा। पेसा कानून की भावना के अनुरूप ग्राम सभाओं को लघु वनोपजों का पूरा अधिकार मिलेगा। वनोपज में महुआ, तेंदूपत्ता, हर्रा, बहेड़ा, आंवला और चिरौंजी प्रमुख है।
एक घंटे में सफाई कर निगम ने किया कारनामा
सम्मेलन के बाद नगर निगम का अमला सफाई में जुट गया। 700 एकड़ में फैले जंबूरी मैदान में 300 से ज्यादा कर्मचारी सफाई में जुटे और एक घंटे में सफाई कर कारनामा कर दिया। निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने कर्मचारियों का हौंसला बढ़ाया। वहीं, अपर आयुक्त एमपी सिंह भी साथ में रहे। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने ट्विट कर सफाईकर्मियों को बधाई दी। रोड शो के बाद भी निगमकर्मियों ने सफाई कर सड़कें चकाचक कर दी। सैकड़ों क्विंटल कचरा निकला।
सफाई के दौरान निगम कमिश्नर और अपर आयुक्त ने कर्मचारियों का हौंसला भी बढ़ाया।
ये भी पढ़िए