बादल छाने के कारण रविवार को दिन का तापमान 44 डिग्री से नीचे पहुंच गया। रात के तापमान में भी मामूली गिरावट हुई। दिन का तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह से शाम तक शहर में थोड़ी, थोड़ी देर के लिए बादल छाए। सुबह बादल ज्यादा घने होने से पारे की चाल भी धीमी थी। रात का तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। 24 घंटे में इसमें 0.6 डिग्री की कमी आई। शहर में रविवार शाम 6 बजे तक तपिश बरकरार रही। शाम 6 बजे भी पारा 42 डिग्री पर था।
सुबह बहुत धीमी थी पारे की चाल
बादल छाने से सुबह 5:30 बजे से लेकर सुबह 11:30 बजे तक 6 घंटे में तापमान में सिर्फ 9.8 डिग्री का इजाफा हो सका था। सुबह 5:30 बजे पारा 30 डिग्री पर था, जो 11:30 बजे 39.8 डिग्री पर पहुंच गया था।
आज थोड़ा गिर सकता है तापमान
मौसम केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को भी शहर में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। दिन में कुछ देर के लिए बादल छा सकते हैं। धूप भी चटकेगी। दिन का तापमान 43 और रात का 28 डिग्री के आसपास रह सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.