भोपाल जिला पंचायत ने दिवाली के चलते दो दिन के 'घुरे के भी दिन फिरते हैं' अभियान की शुरुआत मंगलवार सुबह की। इस दौरान इस्लामनगर में कचरा फेंकने की जगह को 5 घंटे में चकाचक किया और सजावट की गई। शाम को यहां पर महिलाएं दीये लगाएगी। सम्मसगढ़ में भी पुराने किले या बावड़ी को संवारा जाएगा।
सुबह 5.30 बजे से इस्लाम नगर की बुजुर्ग-बच्चों और महिलाओं के साथ जिला पंचायत की टीम ने सफाई की शुरुआत की, जो 10.30 बजे तक चलती रही। सफाई के बाद घुरे की साज-सज्जा भी की गई। पौधे लगाए तो पत्थरों से जगह को सजाया गया।
जिपं सीईओ विकास मिश्रा ने बताया, धनतेरस के मौके पर दो दिन का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें पुराने किले, बावड़ी आदि का चयन किया गया है। इस्लाम नगर गौंड राजाओं की राजधानी रहा है। यहां एक स्थान पर सालों से कचरा फेंका जा रहा था। जिसे साफ कर संवारा गया।
बदल दी तस्वीर
जिला पंचायत की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर कुछ देर में घुरे की तस्वीर बदल दी। अब यहां शाम को महिलाएं पहुंचेंगी और दीये लगाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.