पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने लंबे समय बाद मप्र विधानसभा के पूर्व प्रोटेम स्पीकर व विधायक रामेश्वर शर्मा को चैलेंज किया है। दिग्विजय ने ट्वीट कर कहा कि मैं कांग्रेसी हूं। जिसमें ताकत हो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति के यहां से रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा। उनके घर जाकर प्रभु से उन्हें सदबुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन करूंगा।
बता दें कुछ दिन पहले पूर्व प्रोटेम स्पीकर और विधायक का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें रामेश्वर शर्मा दिग्विजय सिंह का नाम ले रहे हैं। साथ ही कहते हैं कि क्षेत्र में कोई कांग्रेस का आदमी आए तो उसके घुटने तोड़ दो।
बता दें हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा का कुछ दिन पहले कलखेड़ा में अतिक्रमण के मामले से जुड़ी एक सभा का वीडियो सामने आया। इसमें शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम लेकर कहा कि वो छाती पीटकर गया। आठ महीने पहले वो आए, लेकिन कुछ करके गए क्या? विधायक ने कहा कि मेहरबानी करो, थोड़ी शांति रखो। किसी मकान को टूटने नहीं देंगे। शर्मा यह भी कहते हैं कि क्षेत्र में कोई कांग्रेस का आदमी आए तो उसके घुटने तोड़ दो।
कांग्रेस नेता बोले- जल्द इलाज करना पड़ेगा
रामेश्वर शर्मा का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने पटलवार करते हुए कहा कि पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा किस प्रकार लोगों को भड़का रहे हैं, ये कैसी इनकी भाषा है। पहले सिंधी समाज के बारे, फिर राजपूत समाज के बारे में और अब कांग्रेस के बारे में …। कितना अहंकार, सत्ता का कितना नशा…? इनका जल्द इलाज करवाने की आवश्यकता है।
रामेश्वर शर्मा की सफाई
वीडियो के सामने आने के बाद रामेश्वर शर्मा ने मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस के घुटने तोड़ने की हमें जरूरत नहीं है। पहले से ही कांग्रेस के घुटने और कमर टूटी हुई है। वायरल वीडियो दिग्विजय सिंह जी को अपमानित करने की चाल है।
क्या रामेश्वर शर्मा अपने मकसद में सफल हो गए?
रामेश्वर शर्मा लगातार पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर निशाना साध रहे थे, लेकिन दिग्विजय सिंह उनके बयानों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते थे। यह पहली बार है कि दिग्विजय सिंह ने ना सिर्फ रामेश्वर शर्मा को चुनौती दी, बल्कि उनके घर जाकर 1 घंटे तक रामधुन करने की बात कही है। ऐसे में चर्चा है कि शर्मा अपने मकसद में सफल हो गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.