मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में 32 पॉजिटिव मिले हैं। इंदौर में सबसे ज्यादा 13 पॉजिटिव आए हैं। यहां दिसंबर में दूसरी मौत हुई है। राजधानी भोपाल में UAE से आई महिला समेत 7 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबलपुर में साढ़े 3 महीने बाद कोरोना के 5 केस सामने आए हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच CM शिवराज सिंह चौहान सभी मंत्री, कमिश्नर-कलेक्टर, आईजी-एसपी और जिले के प्रभारी अधिकारियों की मीटिंग ले रहे हैं। इस मीटिंग में कोरोना के प्रतिबंधों को लेकर बड़ा फैसला किया जा सकता है।
प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 30 या इसके ऊपर पहुंचा है। एक दिन पहले ही संख्या 30 थी। इसके बाद CM शिवराज ने प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाकर अन्य प्रतिबंध भी लागू कर दिए थे। 24 घंटे में यह आंकड़ा 32 पर पहुंच गया है। इंदौर-भोपाल और जबलपुर के साथ ही उज्जैन, रीवा और रतलाम में भी पॉजिटिव मिले हैं।
भोपाल में IAS अफसर की चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव
राजधानी में UAE से लौटी 29 साल की महिला की कोरोना संक्रमित पाई गई है। उसके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। वहीं, IAS पी. नरहरि की चौथी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पिछले 24 घंटे में भोपाल में 7 पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
कोलार की रहने वाली महिला 20 दिसंबर को दुबई से दिल्ली एयरपोर्ट पर आई थी। तब उसे हल्का बुखार था। एयरपोर्ट पर ही जांच की गई थी। रिपोर्ट निगेटिव आई थी। विदेश से लौटने के बाद महिला घर में ही आइसोलेट थी। स्वास्थ्य विभाग ने महिला और उसके संपर्क में आने वाले 4 लोगों के टेस्ट किए। इनमें से महिला पॉजिटिव पाई गई। इसके बाद महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कर दिया गया है। वहीं, जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भी सैंपल भेजे हैं।
प्रदेश में एक्टिव केस 200 पार
मध्यप्रदेश में पिछले 2 दिन के भीतर ही 62 पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, 23 दिनों की बात करें तो 428 केस मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा इंदौर में 167 और भोपाल में 164 संक्रमित शामिल हैं। भोपाल में 62 और इंदौर में सबसे ज्यादा 97 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में यह आंकड़ा 209 पर पहुंच गया है।
प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 606 कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 865 लोग ठीक हो चुके है। गुरुवार को 14 मरीज ठीक हुए। 62 हजार सैंपल जांच करने लिए गए। रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है। पॉजिटिविटी दर बढ़कर आधा फीसदी हो गई है।
कॉन्ट्रेक्ट और ट्रैवल हिस्ट्री निकाल रहा विभाग
इंदौर में 69 साल के कोरोना पॉजिटिव की मौत हुई है। संक्रमित 12 दिन से आईसीयू में भर्ती था। स्वास्थ्य विभाग ने इनकी मौत की वजह कार्डियो रेस्पिरेटरी अरेस्ट, सेप्टिसीमिया और कोविड बताई है। इंदौर में दिसंबर में यह दूसरी मौत है। वहीं, प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस इंदौर में ही है। ऐसे में मेडिकल टीमें संक्रमितों के घर पहुंचकर उनकी कॉन्ट्रेक्ट और ट्रैवल हिस्ट्री निकालेगी।
जबलपुर में साढ़े तीन माह बाद 5 केस
जबलपुर में साढ़े तीन महीने बाद कोविड के 5 केस गुरुवार को सामने आए हैं। संक्रमितों में मुंबई से लौटे दंपती और 12 व 14 साल के भाई-बहन भी शामिल हैं। इस महीने अब तक कोविड के कुल 22 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं 23 लोग डिस्चार्ज हुए हैं। जिले में एक्टिव केस छह हो गए हैं। सभी संक्रमितों का जीनोम सिक्वेंसिंग के सैंपल भी भेजे जा रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.