भोपाल में कोरोना के केस बढ़ने के साथ ही इसकी रोकथाम के लिए पुलिस और प्रशासन की तरफ से भी रोको-टोको अभियान शुरू हो गया है। शनिवार को भोपाल की सड़कों पर यमराज और चित्रगुप्त उतरे और उन्होंने बिना मास्क पहने लोगों को रोका और टोका। यमराज और चित्रगुप्त की वेशभूषा में एनजीओ के लोग निकले और कहा- बिना मास्क के बाहर निकले तो हम उठा ले जाएंगे।
जिला प्रशासन ने एनजीओ के साथ मिलकर न्यू मार्केट में जागरूकता अभियान चलाया। यहां पर लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई हो रही है। 200 से 5 हजार रुपए तक की चालानी कार्रवाई की गई है। यमराज और चित्रगुप्त ने माइक से लोगों को जागरूक किया।
हमीदिया रोड पर मास्क न पहनने पर कार्रवाई
हमीदिया रोड मंगलवारा क्षेत्र पर तहसीलदार देवेन्द्र देव और टीम ने वहां बिना मास्क पहने घूम रहे 108 लोगों पर कार्रवाई की और 10 हजार 800 रुपए का का स्पॉट फाइन वसूला गया। साथ ही अगली बार उन्हें मास्क पहनने की समझाइश दी गई।
रेडक्रास का रोको टोको अभियान
रेडक्रास सोसाइटी ने रोको टोको अभियान शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि अभी मास्क ही वैक्सीन है। कोविड-19 के तहत कोरोना के बढते संक्रमण को रोकने के लिए आमजन में जागरूकता लाने के लिए नि:शुल्क मास्क और साबुन का वितरण किया गया। इसकी शुरुआत सुभाष नगर फाटक से हुई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.