यू-ट्यूब पर हॉरर फिल्म देखकर मां की हत्या की:बोला- दिमाग सुन्न हो गया था, अब याद आ रही है

भोपाल4 महीने पहले

भोपाल के पॉश एरिया में मंगलवार रात एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कि तो उसने अपना गुनाह कबूल लिया। उसने पुलिस को बताया कि - यू ट्यूब में हॉरर फिल्म देखने से उसके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। दिमाग सुन्न हो गया था। मां ने मेरी शादी को लेकर भी ठीक से जवाब नहीं दिया, इस पर गुस्सा आ गया था। आरोपी बेटा अब पछता रहा है। उसे अब मां की याद आ रही है।

कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया, बिस्मिल्ला मस्जिद के पास खानूगांव में रहने वाली आसमां फारुख (67) पति स्व. सलीम हाउस वाइफ थीं। उनके 2 बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम अताउल्ला खान है। छोटा बेटा 32 साल का अब्दुल अहद फरहान है। मंगलवार को अताउल्ला खान पत्नी के साथ भोपाल के ही अशोका गार्डन स्थित अपने ससुराल गया था। घर में मां व छोटा बेटा था।

रात सवा 10 बजे अताउल्ला घर लौटा। देखा तो मां खून से लथपथ पड़ी थी। भाई अब्दुल ने उसे बताया कि मां छत से गिर गई है। अताउल्ला मां को लेकर अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसने पुलिस को सूचना दी।
बैट का डंडा धोते हुए मिला आरोपी
कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिंह सिसौदिया ने बताया कि पुलिस घर पहुंची तो वहां अब्दुल अहद प्लास्टिक बैट का डंडा धोते हुए मिला। पुलिस ने जब उससे वजह पूछी तो उसने गुमराह करने की कोशिश की। सख्ती करने पर उसने बताया कि उसने मां को इसी डंडे से मारा है। खून लगा होने से उसे धो रहा था। वारदात से पहले उसने मोबाइल में हॉरर फिल्म देखी थी। ये पता नहीं चला है कि उसने कौन सी फिल्म देखी थी।

15 मिनट तक ताबड़तोड़ वार किए
उसने बताया कि रात में उसने मां से शादी के लिए लड़की तलाशने को कहा था। मां ने कह दिया कि तुम पागल हो। इस पर उसे इतना गुस्सा आया कि बैट से मां को पीटना शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक वह मां को मारता रहा। जब मां की मौत हो गई, तब चुपचाप घर में छिप गया। इसके बाद बड़े भाई के आने के बाद छत से गिरने की कहानी रच दी।

रिश्तेदार बड़े बेटे को आरोपी बताते रहे
मृतक महिला के रिश्तेदारों का एक पक्ष बड़े बेटे को आरोपी बताता रहा। इस वजह से पुलिस की जांच में देरी हुई। टीआई सिसौदिया का कहना है कि पुलिस ने बड़े बेटे अताउल्ला की भूमिका को लेकर भी जांच की, लेकिन साक्ष्य नहीं मिले।

किसी लड़की की जिंदगी न बर्बाद हो, इसलिए रिश्ता नहीं ढूंढा
मां को पता था कि बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती। इसी वजह से वह अब्दुल के रिश्ते के लिए लड़की नहीं तलाश रही थी। इसी बात को लेकर छोटा अब्दुल नाराज रहता था। मां पर लड़की तलाशने का दबाव बनाता था। नजदीकी रिश्तेदारों को भी उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी थी। ऐसे में कोई रिश्ता लेकर नहीं आता था।

मां की हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस उसकी मनोचिकित्सक से चेकअप कराएगी।
मां की हत्या के आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। पुलिस उसकी मनोचिकित्सक से चेकअप कराएगी।

हॉरर फिल्में देखने का आदी
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अब्दुल अहद फरहान हॉरर फिल्में देखने का आदी है। वह हर रोज मोबाइल पर डरावनी फिल्में देखता था। देर रात तक वह मोबाइल में फिल्में देखता था।