केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी है। मध्यप्रदेश में पेट्रोल साढ़े 9 और डीजल 7 रुपए प्रति लीटर तक सस्ता हुआ है। बावजूद, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों के मुकाबले मध्यप्रदेश में ईंधन काफी महंगा है। दिल्ली-UP की बात करें तो पेट्रोल 12 तो डीजल 5 रुपए प्रति लीटर तक सस्ता है। जानकारों की मानें तो मध्यप्रदेश में अभी भी वैट ज्यादा है। इसका असर रेट पर भी पड़ रहा है। सरकार वैट कम करती है तो राहत मिल सकती है।
पूरी खबर पढ़ने से पहले आप इस पोल पर राय दे सकते हैं...
मध्यप्रदेश में पेट्रोल पर 29% और डीजल पर 26% वैट लिया जा रहा है। छह महीने पहले 4 नवंबर को प्रदेश सरकार ने 4-4% वैट घटाया था। इसे और घटाने की मांग की जा रही है। ताकि, रेट और भी घट सके। मध्यप्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया, जिन राज्यों में मध्यप्रदेश से ज्यादा रेट है, वहां वैट टैक्स बढ़ा हुआ है। यदि वैट कम होता है तो पेट्रोल-डीजल के रेट में और भी कमी आ सकती है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंह ने बताया, यदि हरियाणा का उदाहरण लें तो वहां पर पेट्रोल पर वैट टैक्स 19% और डीजल 12% है। क्षेत्रफल के हिसाब से हरियाणा मप्र का एक चौथाई ही है, लेकिन वहां डीजल की खपत हमसे चार गुना अधिक है। खपत और वैट टैक्स कम होना बड़ी वजह है। दिल्ली में भी इतना ही वैट टैक्स लिया जाता है, जबकि मध्यप्रदेश में डीजल पर लगभग दोगुना वैट टैक्स लिया जाता है। जिन राज्यों में रेट बढ़े हुए हैं, वहां भी वैट टैक्स ज्यादा लिया जा रहा है।
चार स्टेट की राजधानी में सबसे ज्यादा रेट, पांचवें पर एमपी
आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और राजस्थान की राजधानी में पेट्रोल-डीजल के रेट सबसे ज्यादा है। पांचवें नंबर पर एमपी है। ईस्ट गोदावरी (आंध्र प्रदेश) में पेट्रोल 112.35 और डीजल 100.01 रुपए, मुंबई (महाराष्ट्र) में पेट्रोल 111.35 और डीजल 97.28 रुपए, हैदराबाद (तेलंगाना) में पेट्रोल 109.66 और डीजल 97.82 रुपए और जयपुर (राजस्थान) में पेट्रोल 108.67 और डीजल 93.89 रुपए लीटर मिल रहा है। वहीं, मप्र की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 108.65 और डीजल के रेट 93.90 रुपए प्रति लीटर है।
कहां, कितने रेट
शहर/राज्य | पेट्रोल (रु. प्रति लीटर) | डीजल (रु. प्रति लीटर) |
ईस्ट गोदावरी (आंध्रप्रदेश) | 112.35 | 100.01 |
मुंबई (महाराष्ट्र) | 111.35 | 97.28 |
हैदराबाद (तेलंगाना) | 109.66 | 97.82 |
जयपुर (राजस्थान) | 108.67 | 93.89 |
भोपाल (एमपी) | 108.48 | 93.90 |
तिरुवनंतपुरम (केरल) | 107.51 | 96.33 |
कोलकता (पश्चिम बंगाल) | 106.03 | 92.76 |
आइजोल (मिजोरम) | 104.18 | 88.54 |
भुवनेश्वर (ओडिसा) | 103.73 | 94.75 |
चैन्नई (तमिलनाडु) | 102.63 | 94.24 |
गैंगटोक (सिक्किम) | 102.65 | 89.80 |
रायपुर (छत्तीसगढ़) | 102.53 | 95.44 |
बेंगलुरु (कर्नाटक) | 101.94 | 87.89 |
श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) | 101.61 | 86.82 |
इम्फाल (मणिपुर) | 101.18 | 87.13 |
रांची (झारखंड) | 100.18 | 94.99 |
कोहिमा (नागालैंड) | 99.39 | 87.54 |
अगरतला (त्रिपुरा) | 99.49 | 88.44 |
पणजी (गोवा) | 97.82 | 90.37 |
शिमला (हिमाचलप्रदेश) | 97.05 | 83.02 |
दिल्ली | 96.72 | 89.62 |
गांधीनगर (गुजरात) | 96.64 | 92.30 |
चंडीगढ़ (पंजाब) | 96.60 | 84.26 |
लखनऊ (यूपी) | 96.44 | 89.64 |
बस्का (असम) | 96.34 | 84.24 |
देहरादून (उत्तराखंड) | 95.25 | 90.26 |
शिलोंग (मेघालय) | 95.04 | 83.07 |
ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) | 93.32 | 82.15 |
पोर्ट ब्लेयर (अंडरमार निकोबार) | 84.10 | 79.74 |
नोट : रेट ऑनलाइन लिए गए हैं। थोड़ा बहुत अंतर हो सकता है।
प्रदेश के इन जिलों में सबसे ज्यादा रेट
अनूपपुर, बालाघाट और श्योपुर में पेट्रोल के रेट 111 रुपए और डीजल 95 से 96 रुपए प्रति लीटर तक में मिल रहा है। बड़वानी, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, खरगोन, मंडला, पन्ना, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, उमरिया में पेट्रोल 110 रुपए में मिल रहा है। वहीं, बड़वानी, बुरहानपुर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, खरगोन, खंडवा, मंडला, नीमच, रीवा, सतना, सिवनी, शिवपुरी और उमरिया में डीजल के रेट 95 रुपए लीटर के पार है।
दूसरे ही दिन बढ़े रेट
रविवार को पेट्रोल-डीजल के रेट घट गए थे। इससे लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अगले ही दिन सोमवार को तेल कंपनियों ने रेट फिर बढ़ा दिए। पेट्रोल-डीजल पर 17 से 19 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इससे पहले एक महीने से रेट घट-बढ़ रहे थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.