वैन ने सिग्नल तोड़कर मारी टक्कर:व्यापमं चौराहे पर स्कूटी सवार युवती बुरी तरह गिरी, नाक, हाथ और पैर में फ्रैक्चर

भोपाल5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल में तेज रफ्तार कार ने सिग्नल तोड़ते हुए स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती बुरी तरह घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 3 दिसंबर की है। पिछले एक महीने से युवती अस्पताल में भर्ती है। इसका वीडियो अब सामने आया है।

भोपाल की रहने वाले फिजा खान सेज यूनिवर्सिटी से एमबीए कर रही हैं। फाइनल ईयर की स्टूडेंट फिजा पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करती हैं। वे 3 दिसंबर की सुबह ऑफिस जाने के लिए घर से निकली थीं। चौराहे पर इंतजार करने के दौरान कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना व्यापम चौराहे के सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो से पता चला कि टक्कर लगने के बाद फिजा की स्कूटी टूट गई। वे बहुत दूर जाकर गिरीं। वहीं वैन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

चौराहे पर ही मौजूद लोगों ने फिजा को अस्पताल में भर्ती कराया। वे उसे पहले जेपी अस्पताल ले गए। फिजा की हालत सीरियस होने के कारण उसे हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। लोगों ने ही उसे हमीदिया पहुंचाया। तुरंत इलाज मिलने से फिजा की जान बच पाई।

व्यापम चौराहे पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना दर्ज हुई।
व्यापम चौराहे पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना दर्ज हुई।

नाक, हाथ और पैर की हड्डियां टूटीं

फिजा 2 दिन तक वैंटीलेटर पर रहीं, जिसके बाद 10 दिनों तक उन्हें ऑक्सीजन मास्क पर रहना पड़ा। इसके बाद उन्हें होश आया। उनके नाक, हाथ और पैर की कई हड्डियां टूट गई हैं। उनके तीन दांत भी टूट गए। इसके अलावा चेहरे और शरीर पर कई चोटों के निशान हैं। इनकी वजह से कई टांके भी आए हैं। हमीदिया अस्पताल में अभी भी फिजा का इलाज चल रहा है। ऑपरेशन कर उनके शरीर में रॉड और प्लेटें लगाई जा रही हैं।

दिमागी हालत पर भी असर

फिजा के एक हाथ की नसें भी दब गई हैं। इस वजह से उनका हाथ काम नहीं कर रहा है। फिजा की दिमागी हालत भी ठीक नहीं है। उन्हें एक्सीडेंट के बारे में कुछ भी याद नहीं है। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें 4 महीनों तक बेड रेस्ट पर रखा जाएगा। इस दौरान इलाज के बाद जब वे रिकवर होंगी तब उनके दिमाग का एमआरआई होगा। इसके बाद ही उनके दिमाग का इलाज शुरू हो पाएगा।

पिता की तरह आर्मी में भर्ती होना चाहती थी फिजा

फिजा एनसीसी से सी सर्टिफिकेट पास हैं। वे अपने पिता की तरह भारतीय सेना में भर्ती होना चाहती थीं। उनके पिता पूर्व सैनिक हैं। वे सीडीएस का पेपर पास कर आर्मी में जाना चाहती थीं। इस केस में हबीबगंज थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। फिजा को टक्कर मारने वाली वैन भी वहीं खड़ी है। पुलिस आरोपी वैन चालक को ढूंढ रही है।