राजधानी के अनलॉक होते ही बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। लॉकडाउन खुलते ही बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। कोहेफिजा में सुबह बाइक सवार बदमाशों ने 30 मिनट में दो चेन स्नैचिंग की वारदात की। इसमें पहले एक 70 वर्षीय महिला और फिर 21 वर्षीय युवती को निशाना बनाया। वारदात के बाद दोनों स्कूटी सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। इस मामले में भोपाल डीआईजी ने आरोपियों पर 20 हजार रुपए और जनता प्रतिनिधि की ओर से 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। कोहेफिजा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय मधु जैन परिवार के साथ जानकी नगर में रहती हैं। वह मंगलवार सुबह टहलने के लिए निकली थीं। सुबह करीब 5.47 बजे वह सर्वाेतम अस्पताल के पास पहुंची थीं। तभी पहले से पीछा कर बदमाशों ने उनके गले से चेन छीन कर फरार हो गए।
इसके कुछ देर बाद ही कुछ ही दूरी पर इंद्रविहार कॉलोनी की 21 वर्षीय प्रियंका दूध लेने के लिए घर से निकली थी। वह मेयो कॉलेज के सामने पहुंची थी कि पीछे से आए बदमाशों ने उनके गले से चेन छीन कर फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
50 हजार का इनाम घोषित किया
वहीं, महिला और लड़की के गले से चेन लूट की दोनों वारदात में शामिल आरोपियों की सूचना देने ववाले व्यक्ति को डीआईजी शहर इरशाद वली ने 20 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। साथ ही जनता प्रतिनिधि की ओर से 30 हजार रुपए की घोषणा की गई। इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल- 0755-2677406, 2555922, 9479990454, थाना क्राइम ब्रांच- 07552443212 पर सूचित करने नंबर जारी किए हैं।
आरोपियों का निकल रहा इंदौर कनेक्शन
भोपाल के कोहेफिजा में 2 लूट के आरोपी का इंदौर कनेक्शन भी निकल रहा है। इंदौर में कुछ दिन पहले हुई लूट के आरोपी और गाड़ी भोपाल के आरोपियों से मिलती जुलती है। भोपाल में हुई लूट के आरोपियों की शक्ल, लूट का तरीका और गाड़ी इंदौर की वारदात में शामिल आरोपियों से मिलती जुलती है। अब भोपाल और इंदौर की पुलिस मिलकर इन आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके लिए भोपाल पुलिस की तरफ से तीन टीमें बनाई गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.