• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Bhopal
  • Sewage Continues To Fall From The Drain Where Officers Entered To Stop Sewage From Entering The Small Pond.

बोरियों का जुगाड़ फेल...:छोटे तालाब में सीवेज रोकने जहां पर नाले में उतरे थे अफसर, वहीं से लगातार गिर रहा सीवेज

भोपाल12 घंटे पहलेलेखक: जितेंद्र मेहरा
  • कॉपी लिंक

छोटे तालाब में सीवेज मिलने से रोकने के लिए 14 नवंबर को नगर निगम के अफसर खुद नाले में उतरे थे। पॉलिटेक्निक पुलिया के पास नाले में बोरियों की आड़ बनाई गई थी।

दावा किया था कि अब गंदा पानी तालाब में नहीं जाएगा। लेकिन, 12 दिन बाद ही इस इंतजाम की हकीकत सबके सामने हैं। सीवेज रोकने के लिए लगाई गई बोरियां नाले में बह रही हैं।

जिस जगह अफसर सीवेज रोकने नाले में उतरे थे, वहीं से गंदा पानी फिर छोटे तालाब में पहुंचता नजर आ रहा है। दैनिक भास्कर से बातचीत में अब निगम के अफसर खुद स्वीकार कर रहे हैं कि रोज तीन से चार घंटे सीवेज ओवरफ्लो होकर तालाब में जा रहा है।

यानी जिस समस्या को खत्म करने का दावा किया गया था, वह अब भी बनी हुई है।

पीसीबी ने 2.10 करोड़ आंकी पर्यावरणीय क्षति

एनजीटी की फटकार के बाद मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने छोटे तालाब में मिल रहे दो नालों से पर्यावरणीय क्षति 2.10 करोड़ रुपए आंकी। यह राशि 21 महीने की प्रति नाला 5 लाख रुपए प्रतिमाह की दर से है।

निगम के कार्यपालन यंत्री ने 14 नवंबर को बाणगंगा नाले में उतरकर पॉलिटेक्निक पुलिया के पास आरसीसी डैम से पंप हाउस तक चोक लाइन चालू करने का दावा किया था। पुरानी 700 एमएम पाइपलाइन सीवेज का दबाव नहीं झेल पा रही। एनजीटी में अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।

तीन-चार घंटे ही ओवरफ्लो सीवेज रोकने की व्यवस्था 90% सफल है। 24 में से 20 घंटे पानी पंप हाउस जा रहा है। सुबह पानी की सप्लाई के समय दबाव बढ़ने से तीन-चार घंटे ओवरफ्लो हो रहा है। -आरके त्रिवेदी, ईई, नगर निगम

डेढ़ साल में स्थायी समाधान रवींद्र भवन के पास करीब 13 करोड़ से 10 एमएलडी का बाणगंगा एसटीपी बनाया जा रहा है। इसका काम पूरा होने और समस्या के स्थायी समाधान में करीब डेढ़ साल लगेगा। -तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त, निगम

.

    MP Local News

    Today Weather Update

    Our Group Site Links