नवंबर के आखिरी दिन मंगलवार को 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा ने फिजा में ठंडक घोल दी। ठंडक के कारण हल्की धूप भी बेअसर रही। दिन का तापमान सामान्य से 2 डिग्री नीचे 25.9 डिग्री पर पहुंच गया। यह सीजन में दिन का सबसे कम तापमान रहा। सोमवार के मुकाबले इसमें 1 डिग्री की गिरावट हुई। ठंडक के कारण पारे की चाल भी धीमी पड़ गई थी। सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक 6 घंटे में तापमान में सिर्फ 8.2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकी थी।
रात के तापमान में भी 0.6 डिग्री की गिरावट हुई। रात का तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। गौरतलब है पिछले 5 दिन से रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। बीती 26 नवंबर से यह 12 डिग्री के आसपास ही बना हुआ है। शाम ढलने के बाद हवा का रुख एक जैसा होने के कारण रात के तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आ सका।
अब धीरे-धीरे बन रहा तूफान भी बदलेगा मौसम का मिजाज
साहा के मुताबिक अंडमान सागर में लो प्रेशर एरिया बन गया है। 2 दिसंबर को यह डिप्रेशन में बदलेगा। 3 दिसंबर को यह साइक्लोनिक स्टॉर्म यानी तूफान में बदल जाएगा। 4 दिसंबर को यह सीवियर साइक्लोनिक स्टॉर्म के रूप में स्ट्रांग हो सकता है। अनुमान के मुताबिक इसके उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और उड़ीसा तट को क्रॉस करेगा। अरब सागर में भी कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह भी शहर के मौसम को बदल देगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.