राजधानी भोपाल सोमवार को दिनभर शीतलहर की चपेट में रही। 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने दिन-रात में एक जैसी ठंड कर दी। दिन का पारा सामान्य से 6 डिग्री कम रहकर 19.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, वहीं रात में यह 9.9 डिग्री रहा। इस बार 15 अक्टूबर 2021 से शहर में ठंड शुरू हुई थी और 6 दिन बाद 100 दिन पूरे हो जाएंगे।
78 साल में ऐसा चौथी बार हो रहा है, जब ठंड इतनी लंबी चल रही है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक इससे पहले साल 1935, 1971, 1996 में भी सर्दी इतनी लंबी चली थी। सोमवार को जनवरी का पांचवां कोल्ड डे रहा। जबकि यह सीजन का नौवां कोल्ड डे है।
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा कहते हैं कि भोपाल में ठंड में कभी भी इतने कोल्ड डे नहीं होते। उपलब्ध रिकॉर्ड के हिसाब से अपने आप में यह नया रिकॉर्ड है। सामान्य तौर पर ठंड की अवधि अधिक हुई भी तो 85 दिन होती है। इस बार यह अवधि 15 दिन ज्यादा रहने के हालात बन गए हैं।
नया ट्रेंड : इस बार हर महीने बने रिकॉर्ड
ऐसा मौसम क्यों
सीनियर साइंटिस्ट वेद प्रकाश के मुताबिक ठंड को प्रभावित करने वाले सबसे जरूरी सिस्टम वेस्टर्न डिस्टरबेंस की फ्रीक्वेंसी दोगुनी रही। इनमें से कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस बहुत स्ट्रांग रहे। इनके कारण पहाड़ों पर बर्फबारी ज्यादा हुई। हवाओं का केंद्र बदलने से रात के बजाय दिन ज्यादा ठंडे रहे।
24 शहरों में रात में 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के 24 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ, इनमें भोपाल, पचमढ़ी, रायसेन, शिवपुरी, इंदौर, विदिशा, धार, गुना आदि शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस पर चलेगी शीतलहर
साहा ने बताया कि बुधवार को 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस के मौके पर भोपाल में शीतलहर चलेगी और दिन का तापमान काफी गिरने के आसार हैं। अगले तीन-चार दिन फिलहाल ऐसी ही ठंड रहेगी। 28 जनवरी के बाद मौसम बदल सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.