भोपाल में पहली बार बनी 111 दीयों की दीपमाला:सर्जिकल स्ट्राइक झांकी, तो कहीं विराजीं 18 फीट ऊंची मां दुर्गा; दशहरे पर होगा 22 घंटे का भंडारा

भोपाल6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

नवरात्र के दूसरे दिन राजधानी भोपाल में माता रानी को प्रसन्न करने के लिए अलग-अलग रूपों में मां दुर्गा की पूजा की गई। शहर में कई तरह की झांकियां भी सजाई गईं। इनमें माता का नयनाभिराम श्रृंगार कर रंगबिरंगी रोशनी से सजावट की गई है।

शहर के जेके हॉस्पिटल चौराहे पर सर्जिकल स्ट्राइक की थीम पर झांकी सजाई गई, तो वहीं कोलार में मां वैष्णो की मनमोहक छवि के साथ झांकी बनाई गई। इसके अलावा भोपाल में पहली बार इस नवरात्रि 111 दीपों से सुशोभित दीपमाला का आयोजन भी किया गया। शहर में लगभग हर कॉलोनी, गली, चौराहों पर बने रंग बिरंगे माता के पंडालों से राजा भोज की नगरी भोपाल चमक उठी है।

1. JK हॉस्पिटल चौराहा

JK हॉस्पिटल चौराहे पर बनी सर्जिकल स्ट्राइक की चलित झांकी।
JK हॉस्पिटल चौराहे पर बनी सर्जिकल स्ट्राइक की चलित झांकी।

राजधानी के JK हॉस्पिटल चौराहे पर श्री राम सेवा समिति की ओर से सर्जिकल स्ट्राइक की थीम पर बनाई गई झांकी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झांकी में 15 फीट की मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान है। समिति के उपाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि इस वर्ष नवरात्रि में सर्जिकल स्ट्राइक की चलित झांकी है, जिसमें देश के सैनिक आतंकवादियों का सफाया करते हुए नजर आ रहे हैं।

साथ ही झांकी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण भी शामिल है। इसके अलावा पंचमी के दिन जागरण का कार्यक्रम किया जाएगा। वहीं, सप्तमी और अष्टमी के दिन गरबा महोत्सव भी आयोजित किया जाएगा। समिति के मुख्य संरक्षक हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा हैं।

2. कोलार

मां काली, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के रूप में विराजमान मां वैष्णों की झांकी।
मां काली, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के रूप में विराजमान मां वैष्णों की झांकी।

मैजिक शो आज: इस झांकी में आज स्पेशल मैजिक शो रहेगा।

नवरात्र में राजधानी में मां वैष्णों देवी के दर्शन भी हो रहे हैं। राजधानी के कोलार में स्थित कल्पना चावला गार्डन, सर्वधर्म धर्म कॉलोनी की मां वैष्णों देवी उत्सव एवं जनकल्याण समिति ने मां वैष्णों की झांकी सजाई है। समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौर ने बताया कि समिति पिछले 11 साल से झांकी सजाती हुई आई है। झांकी का मुख्य आकर्षण मां वैष्णों देवी का रूप है। इसमें मां काली, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के रूप में मां वैष्णों विराजित हैं। इस समिति की खास बात यह है कि यहां साल 2011 से हर साल के हिसाब से उतने घंटे का भंडारा आयोजित किया जाता है। इस साल भी 2022 में दशहरे के दिन 22 घंटे का भंडारा किया जाएगा। राहुल हर साल नवरात्री से पहले वैष्णों देवी, कटरा जाते हैं और वहां से जो प्रसाद लाते हैं, उसी प्रसाद को अन्य प्रसाद में मिलाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाता है। षष्टी और सप्तमी के दिन गरबा का आयोजन भी किया जाएगा।

3. अयोध्या बायपास, मिनाल गेट

भोपाल में बनी 111 दीपों की दीपमाला में नवरात्र के पूरे 9 दिन दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
भोपाल में बनी 111 दीपों की दीपमाला में नवरात्र के पूरे 9 दिन दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

अयोध्या बायपास, मिनाल गेट के पास स्थित पंचमुखी हनुमान एवं दुर्गा मंदिर के सामने भोपाल की पहली दीपमाला प्रज्ज्वलित की गई है। 111 दीपों की यह दीपमाला नवरात्री के पूरे 9 दिन प्रज्ज्वलित की जाएगी। समिति के संजय गुप्ता के अनुसार, इस दीपमाला में आमजन दीप जलाकर अपनी मनोकामना पूरी कर सकते हैं। जिसमें प्रत्येक व्यक्ति के 1 दीप जलाने की राशि 3,100 रुपए है। हालांकि, इस नवरात्री के पूरे 9 दिनों के लिए बुकिंग हो चुकी है। इसके साथ ही आगामी दीपावली पर्व और देवउठनी एकादशी पर दीप प्रज्जवलन के लिए भी बुकिंग भी शुरू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य राजेंद्र शुक्ला ने इस काम की पहल की है। उन्होंने 1 लाख 21 हजार रुपए की राशि से ये दीपमाला बनवाई है। इसके साथ ही अष्टमी के दिन महाआरती के साथ 56 भोग की झांकी भी सजी जाएगी।

4. नादरा बस स्टैंड के पास, छोला रोड

नादरा बस स्टैंड के पास, छोला रोड धर्मंकांटा स्थित आदर्श दुर्गा उत्सव समिति की तरफ से 18 फीट ऊंची मां भवानी की अष्ठभुजा प्रतिमा स्थापित की गई है। इस आकर्षित झांकी की खासियत यह है कि यहां बरगद के पेड़ की शाखाओं पर मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा विराजित है। समिति के कार्यकर्ता यश कुशवाह ने बताया कि आरती का समय 9 बजे से है जिसमें 300 से 400 लोग माता रानी के दर्शन करने के लिए आ रहे हैं। इसके साथ ही आने वाले दिनों में खाटू श्याम भजन संध्या का भी प्रोग्राम भी किया जा सकता है।

5. जेके रोड, मिनाल रेसीडेंसी
राजधानी में जेके रोड स्थित मिनाल रेसीडेंसी के गेट नंबर 1 पर मां जगदम्बा कल्याण उत्सव समिति ने मां दुर्गा की झांकी सजाई हैं। यहां मां दुर्गा भवानी की 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति के घनश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिन से रोजाना औसतन 150 से 200 श्रद्धालु झांकी में स्थापित मां के दर्शन करने आ रहे हैं।

6. मल्होत्रा कॉलेज, अवधपुरी

श्री गिरनार हिल्स दुर्गा उत्सव समिति ने पहली बार माता रानी की प्रतिमा स्थापित की है।
श्री गिरनार हिल्स दुर्गा उत्सव समिति ने पहली बार माता रानी की प्रतिमा स्थापित की है।

राजधानी के मल्होत्रा कॉलेज, अवधपुरी स्थित श्री गिरनार हिल्स दुर्गा उत्सव समिति ने इस साल पहली बार मां दुर्गा की झांकी सजाई है। इस झांकी का मुख्य आकर्षण 29 सितंबर को होने वाला चैतन्य 9 देवी दर्शन रहेगा। समिति के उपाध्यक्ष अजय सिंह चौहान ने बताया कि इस दौरान 6.5 फीट की माँ दुर्गा की प्रतिमा विराजित की गई है। इसके साथ ही कॉलोनी में नवरात्री के 9 दिन तक अलग अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनमें बच्चो की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, भजन संध्या-डांस, ओपन माइक कॉम्पिटिशन और सोसाइटी के सदस्यों का गरबा शामिल है। चौहान ने बताया कि दशहरे के दिन बच्चों की राम दरबार झांकी के साथ महाआरती और महाप्रसादी का कार्यक्रम भी होगा।

7. अयोध्या नगर

नव युवक दुर्गा उत्सव समिति ने मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची प्रतिमा विराजित की गई है।
नव युवक दुर्गा उत्सव समिति ने मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची प्रतिमा विराजित की गई है।

अयोध्या नगर के एसडीएम् स्कूल के पास, एच सेक्टर स्थित नव युवक दुर्गा उत्सव समिति की तरफ से भी झांकी सजाई गई है। मां दुर्गा की 14 फीट ऊंची प्रतिमा विराजित की गई है। समिति के सदस्य हेमंत ने बताया कि माता रानी की प्रतिमा का श्रृंगार और पोशाक उनकी समिति द्वारा किया गया। इसके साथ ही डेकोरेशन भी स्वयं से किया गया है। रोजाना 100 से ज्यादा श्रद्धालु आरती में शामिल हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं...