• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Bhopal
  • Trialed By Poisoning The Dog; As Soon As He Died, The Mechanic Drank Poison Along With Daughters, Mother And Wife, 2 Died, 3 Serious

भोपाल में पूरे परिवार ने जहर पिया, 2 की मौत:मैकेनिक ने पहले कुत्ते पर ट्रायल किया; मरते ही परिवार के साथ जहर पिया, दीवार पर लिखा सुसाइड नोट

भोपालएक वर्ष पहले

भोपाल में कर्ज में डूबे एक मैकेनिक ने अपनी दो बेटियों, पत्नी और मां के साथ जहर पी लिया। करीब 12 घंटे बाद मैकेनिक की नाबालिग बेटी और 67 साल की मां ने दम तोड़ दिया। परिवार ने जहर पीने के पहले जहर का ट्रायल अपने पालतू कुत्ते पर किया। उसे गोलियां बनाकर जहर दिया।

कुत्ते के मरने के बाद कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर खुद और पूरे परिवार को पिला दिया। मैकेनिक ने मरने के पहले दीवार एक सुसाइड नोट लिखा। इसमें उन्होंने लिखा कि वह मजबूरी में यह कदम उठा रहे हैं। उन्हें इंसाफ चाहिए। सुसाइड नोट का वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस वीडियो के सामने आने के बाद जब पुलिस उनके घर तक पहुंची, तो सभी गंभीर हालत में मिले थे।

एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि गुरुवार रात एक वीडियो सामने आया। इसमें एक परिवार के सुसाइड किए जाने की बात थी। मामले की गंभीरता को लेते हुए पिपलानी पुलिस को तत्काल मौके पर भेजा गया। न्यू अशोक विहार कॉलोनी आनंद नगर में रहने वाले 47 साल के संजीव जोशी का घर था। संजीव पेशे से मैकेनिक हैं।

घर के अंदर संजीव उनकी 67 वर्षीय मां नंदनी जोशी, 45 साल की पत्नी अर्चना, 19 साल की बड़ी बेटी ग्रिश्मा जोशी और 16 साल की छोटी बेटी पूर्वी जोशी बेसुध पड़ी थी। सभी को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पूर्वी ने दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद नंदनी की भी सांसें टूट गईं।

लिखा - हम मजबूर हैं कायर नहीं
संजीव और उनके परिवार ने सुसाइड नोट में लिखा हमें इंसाफ चाहिए। हम वापस आएंगे। हम मजबूर हैं, कायर नहीं। हमारे हाथ का कलेवा न खोलें। हमारी मौत के लिए यह जिम्मेदार है। इस तरह से घर की सभी दीवारों पर लिखा गया है। इसका उन्होंने वीडियो बनाया। इसमें परिवार के साथ घर के अंदर बैठे नजर आ रहे हैं। वीडियो में मारे हुए कुत्ते को भी दिखाया गया है। सुसाइड में लिखे नाम की पुलिस जांच कर रही है। इसमें एक नाम बबली का आ रहा है।

मकान के लिए कर्ज लिया था
एएसपी भदौरिया ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि संजीव ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था। इसमें उनके ही घर में किराए से रहने वाली एक महिला से भी करीब 2 लाख रुपए उधार लिए थे। महिला अपनी बेटी के साथ उनके घर में दो दिन पहले तक किराए से रह रही थी। उसे अपनी बेटी की शादी करना था, इसलिए वह रुपए मांग रही थी। इसके अलावा भी संजीव ने कई लोगों से रुपए उधार ले रखे थे। बताया जाता है कि उन्होंने यह रुपए करीब पांच साल पहले मकान बनाने के लिए उधार लिए थे। उनके मकान की किस्त भी करीब 30 हजार रुपए से ज्यादा बताई जाती है।

दीवार पर आवेदन भी चस्पा किए हैं
दीवार पर कुछ कागज के आवेदन भी चस्पा किए गए हैं। इनकी संख्या 13 है। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस को इस बारे में पहले बताया है या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...