एनाउंसमेंट:वैक्सीन नहीं तो राशन नहीं, लोग पहुंचे तो वैक्सीन खत्म

रायसेन2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
वैक्सीन लगवाने पहुंची दुल्हन। - Dainik Bhaskar
वैक्सीन लगवाने पहुंची दुल्हन।

जिले में वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए तरह-तरह के प्रयोग किया जा रहा है, जहां एक और सरकारी कर्मचारियों को कहा गया है कि वैक्सीन लगवाने पर उन्हें वेतन मिल पाएगा। कहीं वैक्सीन न लगवाने के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित होने की बात कही जा रही है। सुनारी सलामतपुर में तो इसके लिए पंचायत द्वारा वैक्सीन नहीं तो राशन नहीं, का एनाउंसमेंट किया जा रहा है। इससे अधिक से अधिक लोग वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे।

गुरुवार को करीब 500 लोग केंद्र पर पहुंच गए तो दोपहर 12 बजे ही 120 डोज लगाने के बाद ही वैक्सीन खत्म हो गई। दूर-दूर से आए लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया। उन्हें बमुश्किल समझाइश देकर शांत कराया गया। यही स्थिति दीवानगंज और सांची केंद्रों पर पर भी हुआ। वहां भी वैक्सीन खत्म हो गई। सरपंच मूलचंद्र यादव ने बताया कि सचिव के कहने पर एनाउंसमेंट कराया गया है। इसके अलावा सलामतपुर में बने केंद्र पर दूल्हा नीतेश राजपूत और दुल्हन ऋतु राजपूत ने भी वैक्सीन लगवाई।

जिले में 24 जून को वैक्सीनेशन के लिए 18500 का लक्ष्य रखा गया था, जबकि करीब 19000 डोज वैक्सीन उपलब्ध थी। जिले में इसके लिए 98 केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया गया है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन 24 जून को जिले में वैक्सीनेशन के लिए कुल 98सेंटर्स पर 15480 लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।

लोगों सेे कहा: प्रमाण पत्र लाएं तब मिलेगी मजदूरी
देवरी| देवरी के पताई गांव वैक्सीन लगवाने महिलाएं पहुंची महिलाओं में से एक ने बताया कि पटेल बोले पहले वैक्सीन लगवाकर आओ। प्रमाण पत्र दिखाने के बाद ही मजदूरी करने देंगे। इसलिए वैक्सीन लगवाने आए हैं। इस केंद्र पर 1.30 बजे तक 100 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। उसके बाद वैक्सीन खत्म हो गई। फिर उदयपुरा से 50 डोज और मंगाए गए।