राजगढ़ में कांग्रेस विधायक ने भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को लेकर एक विवादित बयान दिया है। जिसमें उन्होंने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को राक्षसी प्रवृत्ति की महिला बताया है। वहीं कांग्रेस विधायक ने प्रज्ञा ठाकुर को आतंकवाद से जुड़े होने के आरोप भी लगाए हैं।
प्रज्ञा का पुतला दहन किया
भोपाल भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को दशहरे के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के मंच से कांग्रेसियों और नर्मदा परिक्रमा करने वाले लोगों पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। जिसे लेकर रविवार को सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ ब्यावरा के पीपल चौराहे पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन करते हुए प्रज्ञा ठाकुर का पुतला दहन किया।
दांगी ने भोपाल सांसद को राक्षसी महिला बताया
ब्यावरा के कांग्रेस विधायक रामचन्द्र दांगी ने कहा कि माननीय दिग्विजय सिंह ने और सैकड़ों लोगों ने मां नर्मदा की परिक्रमा की है और करते रहते हैं। उन सब को भोपाल में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने पापी और अनर्गल शब्द कहे हैं। जबकि मां नर्मदा के दर्शन मात्र से लोगों के पाप नष्ट हो जाते हैं। दिग्विजय सिंह और हजारों भक्तों ने उनके साथ पदयात्रा की है। प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए दांगी ने कहा कि ये महिला हमेशा अनर्गल बातें करती है, यह कतई साध्वी नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने महिला को सांसद बना कर भोपाल से यह बता दिया कि इस तरह की विचारधारा को भारतीय जनता पार्टी पसंद करती है। जबकि प्रज्ञा का मालेगांव बम ब्लास्ट में इनका नाम है। जोशी हत्याकांड में इनका नाम है। प्रज्ञा कतई साध्वी नहीं लगती, यह तो राक्षसी प्रवृत्ति की महिला लगती हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.