महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। उसे बचाने के लिए चलाया गया नौ घंटे का अभियान भी नाकाम साबित हुआ। सोमवार आधी रात के बाद उसका शव बोरवेल से निकाला गया। बच्चा बुरहानपुर जिले का रहने वाला था और गन्ना कटाई के लिए पलायन करने वाले परिवार के साथ वहां गया था। महाराष्ट्र पुलिस के अनुसार बच्चे का नाम सागर बारेला था। उसका परिवार गन्ना काटने पुणे से करीब 125 किमी दूर कर्जत तहसील के कोपर्डी गांव गया था। सोमवार शाम करीब पांच बजे बैलगाड़ी से उतरते समय सागर बोरवेल में गिर गया था।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के कर्मियों के साथ मिलकर उसे बचाने के लिए अभियान चलाया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मंगलवार रात करीब दो बजे बोरवेल से उसका शव निकाला गया। अधिकारियों ने बताया सागर बंद पड़े बोरवेल में 15 फीट की गहराई में फंसा हुआ था।
कर्जत-जामखेड के विधायक रोहित पवार ने कहा किसानों को अपने खेतों में बोरवेल को ठीक से ढंकने का ध्यान रखना चाहिए। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में एक मजदूर के बच्चे की बोरवेल में गिरकर मौत की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। लाख कोशिशों के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका। लेकिन ऐसी घटनाओं से बचने के लिए, किसानों को अपने खेतों में बोरवेल को ठीक से बंद करना चाहिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.