रात 11 बजे भी बोदरली गांव ऐसा लग रहा था मानो सुबह के 11 बजे हों। हर तरफ चहल पहल। कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के गांव के भी कई ग्रामीण राहुल गांधी का इंतजार कर रहे थे। रात में ही दिग्विजय सिंह बोदरली पहुंचे और यहां उन्होंने मंच की सज्जा सहित अन्य तैयारियां देखीं।
केले के पत्तों से सजाया तोरण द्वार
मंच के आसपास केले के पत्तों से तोरण द्वार सजाए गए हैं। इसके साथ ही कई घरों के बाहर भी तोरण द्वार सजे नजर आए। देर रात भी यहां उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव में एक जगह देर रात तक आर्केस्ट्रा चलता रहा।
जलगांव जामोद में रहा राहुल का अंतिम पड़ाव
राहुल गांधी का अंतिम पड़ाव महाराष्ट्र का जलगांव जामोद रहा। जो बोदरली से करीब 40 किमी दूर है। राहुल गांधी सुबह 5 बजे जलगांव जामोद से रवाना होकर 6.40 बजे बोदरली पहुंचेंगे।
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का बुरहानपुर में जमावड़ा
बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा की मप्र के बुरहानपुर जिले से पहली शुरुआत होने के कारण यहां देशभर के कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा है। कई पूर्व केंद्रीय मंत्री, 2 पूर्व मुख्यमंत्री, 90 से ज्यादा विधायक, राजस्थान के कई मंत्री रात में ही बुरहानपुर पहुंच गए। कुछ ग्राम बोदरली में ही रुके तो वहीं कई कांग्रेस नेताओं ने बुरहानपुर में पहले ही होटल आदि बुक करा लिए थे।
बड़े नेता एक निजी होटल में रुके
बोदरली से करीब 10 किमी दूर ताप्ती नदी पुल के पास कांग्रेस के बड़े नेता एक निजी होटल में रात रुके। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी, अरुण यादव, पूर्व मंत्री बाला बच्चन, सचिन यादव, नेता प्रतिपक्ष गोविंद राजपूत सहित अन्य रुके थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.