बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अब उन्होंने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हम पाकिस्तान में राम कथा करने की तैयारी कर रहे हैं और वो लोग हमारी तैयारी कर रहे हैं।
मंगलवार को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रायपुर से बागेश्वर धाम ग्राम गड़ा पहुंचे। राम दरबार में प्रेस वार्ता का आयोजन हुआ, इसमें पत्रकारों ने पाकिस्तान को लेकर सवाल किया। पत्रकारों ने पूछा कि पाकिस्तान भी अब आपकी डिमांड हो रही है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हम पाकिस्तान में रामकथा करने की तैयारी कर रहे हैं और वो लोग हमारी तैयारी कर रहे हैं। उसके बाद वह ताली बजाकर जोर-जोर से हंसने लगे।
पाक को भारत में विलय हो जाना चाहिए
उन्होंने पाकिस्तान के मौजूदा हाल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जो देश अपनी ऊर्जा दूसरों को नष्ट करने में लगाता है, वह इसी तरह नष्ट हो जाता है। पाकिस्तान का विलय बहुत जल्दी भारत में हो जाना चाहिए। अब उसके पास यही रास्ता बचा है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर साधा निशाना
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारी ना तो पॉलिटिक्स पर और ना ही पॉलिटिक्स से जुड़े व्यक्ति पर कोई टिप्पणी रहती है। रामचरितमानस को वह पाखंड और जहर कह रहे हैं, तो यह धूर्तता है। रामचरितमानस राष्ट्रीय ग्रंथ है, जो हर भारतीय, हर व्यक्ति को जोड़ने का काम करती है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण राम सेतु है। रामचरित मानस प्रत्येक मानस को जोड़ने का काम करती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.