कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के त्रिलोकी नगर में 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला को 6 माह की बेटी भी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर उसके पति को हिरासत में लिया है। उसने 3 साल पहले लव मैरिज की थी। महिला के मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक माचागोरा के रहने वाले चंद्रभान वर्मा ने 2019 में हरना खेड़ी के रहने वाली रिंकी चौधरी के साथ नागपुर में लव मैरिज की थी। दोनों नागपुर में ही रहते थे, लेकिन करीब 2 महीने पहले से छिंदवाड़ा के त्रिलोकी नगर में रहने लगे थे। दोनों के बीच अक्सर वाद विवाद होता था। गुरुवार को भी रात करीब 1:00 बजे दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर वाद विवाद हुआ। इसके चलते दोनों में मारपीट हुई। बाद में चंद्रभान वर्मा ने डायल 100 को सूचना दी कि उसकी पत्नी पानी की टंकी में गिर गई है।
मौके पर पहुंची डायल 100 ने उसे निकाला। अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रिंकी के परिजन भी थाने पहुंच गए थे। उन्होंने चंद्रभान पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस चंद्रभान वर्मा से पूछताछ कर रही है।
नाक से बह रहा था खून , 2 फीट के टंकी में डूबा था सिर
पुलिस के मुताबिक चंद्रभान की शिकायत पर पुलिस कमरे में पहुंची, तो किरण अचेत अवस्था में टंकी के पास पड़ी थी। उसका सिर पानी में डूबा था। नाक से खून बह रहा था। पति का कहना था कि उसके साथ धक्का-मुक्की के दौरान अचानक किरण टंकी के ऊपर गिर गई थी, जिसके कारण बेसुध हो गई। फिलहाल चंद्रभान की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही।
6 माह की है बच्ची
रिंकी और चंद्रभान ने लव मैरिज की थी। चंद्रभान के परिवार वाले रिंकी को नहीं अपना रहे थे। रिंकी के परिजनों ने बताया कि जब से उसकी बेटी हुई है, तब से ही चंद्रभान उसके साथ विवाद करता रहता था। कई बार उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
यहां तक कि नागपुर के परिवार परामर्श केंद्र में भी मामला चला, लेकिन परामर्श केंद्र में भी काउंसिलिंग न हो सकी। अब रिंकी की मौत के बाद 6 माह की बच्ची की परवरिश कौन करेगा यह बड़ा सवाल है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.