मजदूर से मेयर तक का सफर:छुटि्टयों में मजदूरी करते, जूठी प्लेटें उठाते थे छिंदवाड़ा के मेयर; अब राहुल-प्रियंका हुए उनके फैन

छिंदवाड़ा8 महीने पहलेलेखक: सचिन पांडे
  • कॉपी लिंक

मध्यप्रदेश में हाल ही में हुए निकाय चुनावों में छिंदवाड़ा से 31 साल के विक्रम अहाके मेयर पद के लिए चुने गए। उनकी तारीफ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी की। जिस अहाके को जनता ने छिंदवाड़ा का प्रथम नागरिक बनाया है, उन्होंने जीवन में फर्श से अर्श तक का सफर तय करते हुए ये सफलता पाई है। अहाके कभी नींव खोदते थे। लोगों की जूठी प्लेटें उठाते थे। तेंदूपत्ते से पत्तलें भी बनाते थे। दैनिक भास्कर ने विक्रम अहाके से खास बातचीत की। जानते हैं मजदूर से मेयर बनने तक की उनकी कहानी…

मजदूर से मेयर बनने का सफर…

'जब मेरा जन्म हुआ था, तब पिता पंक्चर की दुकान चलाते थे। जब 9 साल का था, तब मां की 438 रुपए महीने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद पर नौकरी लगी। पिता किसान हैं। इतने कम रुपयों में गुजारा मुश्किल होता था। सरकारी स्कूल में पढ़ाई की। गर्मियों में 2 महीने की छुट्टी रहती थी। एग्जाम के बाद कई मकानों में नींव खोदने का काम किया। कैटरिंग का काम किया। जूठी प्लेटें उठाईं। कमलनाथ जी को हम बचपन से देखते थे कि आसमान में हवाई जहाज भी उड़ रहा हो, तो हम बोलते थे कि देखो- कमलनाथजी का हेलीकॉप्टर जा रहा है। उनके विकास कार्यों से प्रभावित थे। जब मैं NSUI से जुड़ा। दो बार एमपी पुलिस के लिए क्वालीफाई किया। उस समय मेरा CRPF में सिलेक्शन हो गया। उस समय NSUI के गेट टू गेदर कार्यक्रम में कमलनाथजी आए थे। मैंने उनके सामने जॉइनिंग लेटर रख कहा- मुझे ड्यूटी नहीं, समाज सेवा करना है। इसके बाद लगातार संगठन में काम किया। संगठन में मैंने छाप छोड़ी। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता से लेकर सांसद प्रतिनिधि तक सभी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। राहुल-प्रियंका गांधी जी से भी तारीफ जानकर बहुत अच्छा लग रहा है। ये सब कमलनाथजी के कारण हुआ है। '
(जैसा कि विक्रम अहाके ने दैनिक भास्कर को बताया)

राहुल-गांधी और प्रियंका गांधी ने की तारीफ

विक्रम अहाके के संघर्ष के राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा भी मुरीद हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उनकी तारीफ भी की। जिसका शीर्षक लिखा- ‘मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पिता किसान और बेटा महापौर।’

भाजपा के अनंत धुर्वे का पैर छूकर लिया आशीर्वाद

मेयर बनने के बाद विक्रम ने सबके सामने महापौर चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी रहे भाजपा के अनंत धुर्वे के पैर छू कर आशीर्वाद लिया। जिसकी तारीफ आम से लेकर खास तक सभी लोगों ने की।