नगरपालिका दमोह के बजरिया वार्ड क्रमांक सात के नूरी नगर मतदान केंद्र पर एक महिला को पीठासीन अधिकारी ने फर्जी मतदान करने से रोक दिया। इसी क्षेत्र की एक महिला बुर्का पहनकर मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंची थी। दस्तावेजों की जांच के दौरान पीठासीन अधिकारी को महिला पर संदेह हुआ।
स्याही देखकर स्पष्ट हुआ शक
महिला की उंगली में लगी स्याही देखकर पीठासीन अधिकारी का संदेह स्पष्ट हो गया और उसने पुलिसकर्मियों की मदद से महिला को मतदान करने से रोका। इस दौरान महिला का कहना था कि उसने इस मतदान केंद्र पर मतदान नहीं किया। जिसे लेकर पीठासीन ने कहा कि यदि उन्होंने यहां मतदान नहीं किया है तो कहीं और मतदान किया होगा। क्योंकि उंगली पर स्याही का निशान लगी है।
महिला पुलिस न होने के कारण नहीं पकड़ पाए
महिला कुछ देर तो बहस करती रही, लेकिन जब वहां भीड़ एकत्रित होने लगी तो, वो अपने घर चली गई। केंद्र पर कोई भी महिला पुलिसकर्मी ना होने के कारण महिला को पकड़ा नहीं जा सका। इस वार्ड में भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर है। यह पता नहीं चल पाया है कि महिला का नाम क्या था और वह किस के समर्थन में अपना मतदान करने आई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.