दिग्गजों के वार्ड में हारी भाजपा:पार्टी विरोधी का आरोप झेल रहे पूर्व वित्तमंत्री के वार्ड में जीती

दमोह10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

दमोह नगरीय निकाय चुनाव परिणाम वैसे तो भाजपा के पक्ष में नहीं है, लेकिन ये उम्मीद किसी को नहीं थी कि भाजपा के दिग्गज जिन वार्ड में रहते हैं उनमें भी भाजपा हार जाएगी। वे वार्ड जहां पार्टी के दिग्गज रहते हैं, वहां भी भाजपा चुनाव हार गई। पार्टी विरोधी के आरोप झेल रहे पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के वार्ड में भाजपा ने जीत हासिल की है।

सिविल वार्ड 02
वार्ड में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल का शासकीय आवास है, इसलिए इसे उनका ही वार्ड माना जाएगा। यहां पर भाजपा का प्रत्याशी 191 वोट से चुनाव हार गया है। कांग्रेस प्रत्याशी दुर्गेश नंदनी को 726 वोट और भाजपा प्रत्याशी संध्या प्यासी को 535 वोट मिले है। यहां पर TSM के प्रत्याशी रीना विशाल शिवहरे को 518 वोट मिले हैं। यदि यहां TSM प्रत्याशी ना होता, तो भाजपा प्रत्याशी चुनाव जीत सकता था।

सिविल वार्ड 6
वार्ड में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी रहते हैं, लेकिन वो भी भाजपा प्रत्याशी को हारने से नहीं बचा पाए। यहां पर भाजपा प्रत्याशी चंदाबाई दयालु ठाकुर 829 वोट से चुनाव हार गईं। उन्हें कुल 1128 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी सुषमा विक्रम सिंह ने 1957 वोट लेकर चुनाव जीत लिया।

सिविल वार्ड 08
वार्ड में भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भरत यादव ने खुद चुनाव लड़ा, लेकिन वह कांग्रेस प्रत्याशी से 405 वोट से चुनाव हार गए। यहां कांग्रेस प्रत्याशी अमर सिंह राजपूत को 739 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी भरत यादव 334 वोट ही प्राप्त कर पाए।

नया बाजार 03
वार्ड में भाजपा दीनदयाल नगर मंडल अध्यक्ष कृष्णा राज की पत्नी सरला भाजपा की ओर से चुनाव मैदान में थी, लेकिन उन्हें TSM प्रत्याशी सुहाना राय ने 68 वोट से चुनाव हरा दिया। यहां भाजपा प्रत्याशी को 162 कांग्रेस को 112 और TSM की प्रत्याशी को 230 वोट मिले।

इधर पूर्व वित्त मंत्री का वार्ड जीती भाजपा
पार्टी विरोधी का आरोप झेल रहे पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया और उनके बेटे सिद्धार्थ के वार्ड से भाजपा प्रत्याशी संजू पटेल ने 281 वोट से जीत हासिल की है। इस नगरीय निकाय चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप से बचने के लिए मलैया चुनाव के दौरान भोपाल पहुंच गए थे। मतदान के बाद ही वे दमोह लोटे, ताकि उपचुनाव की तरह इस बार उन पर किसी तरह के आरोप ना लग सके।