बीते शनिवार बदनपुर गांव में हुए जमीनी विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई थी। घटना में गोली लगने से एक युवक गम्भीर रूप से घायल हुआ था। जिसे उपचार के लिए झांसी भर्ती किया गया है। फिलहाल युवक की हालत में सुधार बताया गया है। इधर, दुरसड़ा पुलिस में मामले में 3 भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि युवक को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारी गई है।
गांव बदनपुर में दीवार और रपटा बनाने की बात पर 2 पक्षों में विवाद हो गया था। झगड़े में केशव सिंह दांगी, भाई बान सिंह दांगी और चचेरे भाई भैयन दांगी ने मिलकर दीपक दांगी और अन्य लोगों की मारपीट कर गोली चलाई थी। लाइसेंसी बंदूक से चली गोली दीपक की जांघ में लगी थी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए झांसी रैफर किया था, जहां से उसे ग्वालियर रैफर किया था।
इधर, पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामले में दीपक की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, तीनों को अरेस्ट कर लिया गया है। थाना पुलिस के मुताबिक केशव सिंह और उसके पड़ोसी हरदयाल में पूर्व से विवाद ही चल रहा था। इस विवाद के चलते दोनों पक्षों में जब झगड़ा हुआ तो हरदयाल ने रिश्तेदार दीपक को कुम्हरिया गांव से बुला लिया था। मारपीट करने आया दीपक कुछ कर तो नहीं सका, उल्टे उसमें ही गोली लग गई। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। थाना प्रभारी अमर सिंह गुर्जर ने बताया कि तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। जल्द कागजी कार्यवाही कर तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.