सोनकच्छ बस स्टैंड के पीछे विवादित भूमि पर एहले इस्लाम पंचायत के सदर के कहने पर मुरम डालने की शिकायत सीएमओ व पुलिस को की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व नप अधिकारी उक्त मुरम डालने के कार्य को रोकने पहुंचे। यहां सीएमओ विष्णुप्रसाद देवड़ा ने पंचायत सदर गब्बू भाई को फोन लगाया। उन्होंने स्वीकार किया कि, उक्त मुरम मेरे कहने पर डल रहा है। सीएमओ व कस्बा पटवारी लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने पंचनामा बनाया व स्थिति देखने के बाद सीएमओ देवड़ा ने नप कर्मियों को जेसीबी के माध्यम से मुरम भरने के आदेश दिए।
जिसके बाद विवादित भूमि पर से मुरम हटाने का कार्य शुरू किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से टीआई नीता देअरवाल भी मौके पर पहुंची। जहां उन्होंने उक्त भूमि का निरीक्षण करते हुए शासकीय भूमि होने से शासकीय बोर्ड लगाने के लिए नप को कहा। मामला दो पक्ष के बीच का होने से एसडीएम संदीप शिवा भी विवादित भूमि पर पहुंचे व उन्होंने भूमि का निरीक्षण किया। जहां उन्हें आमजनों ने बताया कि, उक्त भूमि को लेकर पूर्व परिषद ने प्रस्ताव पारित कर तार फेंसिंग करवाने के लिए कहा था। लेकिन उस दौरान परिषद इसे अमल में नहीं ला पाई थी। साथ ही तत्कालीन एसडीएम अंजलि जोसेफ ने भी उक्त भूमि शासन की होने से उसे शासन का अधिकृत बोर्ड लगाने के लिए निर्देशित किया। तत्कालीन अधिकारियों ने इस आदेश का भी पालन नही किया। इस बात को सुनकर एसडीएम शिवा ने सीएमओ को निर्देश दिया कि, उस दौरान की उक्त भूमि के दस्तावेज पेश किए जाएं। साथ ही वर्तमान में यहां शासकीय भूमि का बोर्ड लगाया जाएं। इस भूमि के अंदर लगी सभी अवैध दुकानों को हटाया जाएं।
टीआई ने कहा- हमारे पास आदेश, कार्य नहीं रूकेगा
उक्त स्थल से एसडीएम के जाने के बाद सदर गब्बू बाई विवादित स्थल पहुंचे व जेसीबी ऑपरेटर को कार्य रोकने का कहा। जिस पर कार्य रुक गया। जिसे देख टीआई भी पहुंची। सदर ने कहा कि उक्त जमीन के हमारे पास रिकॉर्ड है। आप इस कार्य को रोक दीजिए। इस पर टीआई ने कहा कि, एसडीएम का आदेश है कार्य नहीं रुकेगा। आपको जो भी बात करना उनसे जाकर बात कीजिए। आप शासकीय कार्य में बाधा नहीं डालेंगे आपको जो भी चर्चा करना है एसडीएम से ऑफिस में जाकर करें। यह कार्य नहीं रुकेगा। इतना सुन सदर अपने साथियो के साथ कार में बैठकर रवाना हो गए। इसके बाद तहसीलदार राधा महंत को उक्त स्थान पर राजस्व अधिकारी के रूप में भेजा गया। जहां समतलीकरण कार्य करवाया गया।
बुधवार सुबह लगाए जाएंगे बोर्ड: SDM
एसडीएम शिवा ने कहा कि, विवादित भूमि है तो इस विवाद को तार फैंसिंग कर खत्म करवा दिया जाएगा। वहीं अगर किसी के पास इसके स्वामित्व के वैध दस्तावेज है तो उसे पेश करें। इधर शाम होने से शासकीय बोर्ड नही लगाए जा सकें। जो कि बुधवार सुबह लगाए जाएंगे। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए टीआई ने देवास लाइन से पुलिस बल बुलवाया।
भूमि को लेकर हो चुका है दो पक्षों में विवाद
बस स्टैंड के पीछे इस भूमि को लेकर सन 2008 में नगर सांप्रदायिक हिंसा की आग झेल चुका है। इस हिंसा में सोनकच्छ नगर करीब 10 दिन तक पूर्ण रूप से बंद था। जिसके कारण नगर का व्यापार पूर्ण रूप से चौपट हो चुका था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.