MP में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां 3 बच्चों के पिता से नाबालिग लड़की को इश्क हो गया। वो उसके साथ चली गई और 18 साल की होते ही उससे शादी भी रचा ली। लेकिन इसके बाद बवाल हो गया।
मामला इंदौर संभाग के मनावर का है, जहां नाबालिग को भगाने के जुर्म में लड़के को जेल की हवा खानी पड़ी। दो महीने बाद युवक हाल ही में छूटकर बाहर आया तो लड़की के परिजनों ने उसके घर पर धावा बोलकर उसे जलाने की कोशिश की। जिसमें उसकी मां झुलस गई।
जानिए पूरी कहानी के साथ ये भी कि इस पर पहली पत्नी क्या कहती है…
धार जिले के मनावर के छोटे से गांव कावठी का रहने वाला है 30 साल का सुनील चौहान। काम धंधे के लिए वह बड़वानी आता-जाता रहता था। करीब दो साल पहले बड़वानी में शादी में शामिल हुआ तो वहां उसकी मुलाकात 17 साल की एक लड़की से हुई।
दोनों संपर्क में आए तो रिलेशनशिप शुरू हो गई। लड़की को पता था कि युवक शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। बावजूद वह उसे अपनाने को राजी हो गई। इसी साल जून में वह बालिग नहीं होने के बाद भी घर से भाग निकली। लड़का भी उसके साथ था। लड़के की न मां को खबर, न पत्नी को और न बच्चों को..। दो महीने वे छुपते-छुपाते रहे।
लड़का अपने घर पर सिर्फ यही बताकर गया था कि एक लड़की से रिलेशन है। वह मरने की धमकी दे रही है। एक बार बड़वानी के नर्मदा पुल पर जान देने के लिए चली गई थी। तब तो बचा लिया था। अब शादी नहीं की तो वैसे ही फंस जाऊंगा।
इसके बाद दोनों कई दिनों तक साथ रहे। लड़की 5 अगस्त 2022 को 18 साल की हो गई। इसके आठवें ही दिन उन्होंने मंदिर में फेरे ले लिए और स्टाम्प नोटरी पर शादी करने की घोषणा कर दी। यह शादी उन्होंने खरगोन जिले के बड़वाह में जाकर की थी।
पत्नी बोली- मैं उसके साथ रह लूंगी
इसके बाद वे यहां बड़गांव नाम के गांव में रह रहे थे। शादी होते ही लड़के ने अपनी पहली पत्नी से यह बात शेयर कर दी और उसे भी अपने पास बुला लिया। उसे कह दिया कि अब शादी तो कर ली, नहीं करता तो यह मर जाती। इस पर पत्नी भी यही बोलकर रह गई कि अब कर ली है तो क्या करूं..। ये मर गई तो तुम भी जिंदगी भर जेल में सड़ोगे, मैं भी तीन बच्चों को लेकर कहां जाऊंगी। इससे अच्छा कि हम दोनों साथ ही रह लेंगी। इसके बाद युवक ने उसे पांच-सात दिन साथ रखकर पहली पत्नी को वापस भेज दिया।
इसी बीच, यह खबर लड़की के परिवार को मिली तो पुलिस के जरिए पहुंचे और लड़की को बरामद किया। यह आरोप है कि सुनील ने नाबालिग उम्र में लड़की को भगाया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया जबकि लड़की को परिवार बड़वानी ले गया।
दामाद को जलाने के लिए फेंका पेट्रोल
3 नवंबर को सुनील जेल से छूटकर घर आ गया। इस बात का पता चलते ही लड़की के परिवार वालों ने 6 नवंबर को उसके मनावर के पास कावठी स्थित घर पर हमला कर दिया। आरोपी परिजनों ने लड़के को जलाने के लिए पेट्रोल फेंका लेकिन उसकी मां शांताबाई (50) दौड़कर बीच में आ गई। इससे पूरा पेट्रोल उस पर आ गिरा और माचिस की तीली फेंकने से वह झुलस गई।
इस बारे में युवक की मां ने बताया- मुझे तो कुछ पता ही नहीं था। यह कब दूसरी पत्नी को ले आया, वो तो ये जब जेल गया तब पता चला। 3 तारीख को छूटकर आया था। घर पर ही था, तभी कुछ लोगों ने हमला कर दिया। तब पेट्रोल मेरे पर आ गया और मैं जल गई हूं। झुलसी महिला अभी भी अस्पताल में भर्ती है।
जानिए कब क्या-क्या हुआ?
पहली पत्नी बोली- अब आई तो बहन मानकर साथ रखूंगी दैनिक भास्कर ने जब इस बारे में युवक की पहली पत्नी से भी बात की। उसके 7, 5 और डेढ़ साल के तीन बच्चे हैं। उसका कहना है कि जब वह कम उम्र में भागी तो पति ने मुझे अपनी मजबूरी के बारे में बताया था। शादी भी कर ली तो मैंने यही कहा कि अब सब हो गया है तो मैं क्या कर सकती हूं। बहन मानकर साथ रखती। अब बालिग उम्र में शादी की है, अब आती है तो भी यही करूंगी। इसके सिवाय कोई रास्ता नहीं है।
आगजनी पर लड़की के पिता गिरफ्तार
धार जिले की सिंघाना चौकी के प्रभारी गुलाबसिंह भयडिया ने बताया कि रविवार को कावठी में एक परिवार पर हमला किया गया। घर में आगजनी करने के मामले में आरोपी (लड़की के पिता) की गिरफ्तारी हुई है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पिता निवासी बड़वानी, भाई और अन्य पर मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं बड़वानी थाना एसआई कविता कनेश ने बताया कि जून में नवलपुरा निवासी फरियादी ने अपनी नाबालिग लड़की के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिस पर अपराध दर्ज कर विवेचना के दौरान लड़की को बरामद किया गया। ये मामला फिलहाल कोर्ट में है।
15 नवंबर होंगे दोनों के बयान
आरोपी सुनील का कहना है कि लड़की उसकी मर्जी से ही मेरे साथ थी। बस यही गलती हुई कि वह जब साथ आई तब 18 साल की नहीं थी। इसीलिए जेल गया। शादी 18 साल की होने पर ही की, इसके कागज भी हैं। 15 नवंबर हम दोनों के कोर्ट में बयान होंगे। लड़कीवालों को डर है कि यदि उसने मेरे पक्ष में बयान दिया तो दिक्कत हो जाएगी। इसलिए हमला करवाया गया है। पेट्रोल में आग भभकने से घर का सामान जला, मां का पेट पूरी तरह झुलसा है। वह अस्पताल में है।
(इनपुट : मनावर से नीलेश जैन, बड़वानी से नरेंद्र मुकाती)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.