राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण इन दिनों धार सहित पूरे जिले में गर्मी की तपिश बढ़ चुकी है। जिसके कारण लोगों को दोपहर के समय में निकलने में काफी परेशानी हो रही है। दो से तीन घंटे दोपहर में सडकों पर लोगों की आवाजाही नाममात्र ही नजर आ रही है। इधर दो दिनों से बादल छाए हुए हैं, इसके कारण तापमान में आंशिक गिरावट भी दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दो दिन पहले तक जहां अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था। वर्तमान में अब तापमान 43 डिग्री के आसपास बना हुआ है। गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन नौतपा के पहले ही पारे में इस साल का अधिकतम तापमान दर्ज किया जा चुका है। जबकि पिछले साल इस समय तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ था।
मौसम में हो रहे लगातार परिवर्तन के कारण ही गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से चार दिन गर्मी बढे़गी। इसके बाद चक्रवात बनने से तापमान जरुर गिरेगा। वहीं, आसमान में आंशिक रुप से बादल भी छाए रहेंगे। विभाग के अनुसार गर्म हवा 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धार में चल रही हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.