अगर कोई वृद्ध महिला आपके पास आकर व्रत वगेरह की बात करती है, तो सावधान हो जाइए। शहर के विकास नगर में एक वकील से ऐसी ही एक महिला ने सम्मोहित कर ठगी कर ली। उसके सोने के गहने लेकर गायब हो गयी। वकील महिला लगभग 4-5 घंटे बेसुध सी रही। अहम को जब वह वापस घर पहुंची, तो ठगी का एहसास हुआ। गनीमत रही कि बाकी के गहने बैंक में रखे हुए थे, नहीं तो वह सब भी वो अपने साथ ले जाती।
मामला शहर के विकास नगर का है। अमित मोघे अशोकनगर में काम करते हैं। उनकी पत्नी सोनाली मोघे पेशे से वकील हैं। वह जिला कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। सुबह लगभग 10 के आसपास अमित अशोकनगर के लिए निकल गए। उनकी पत्नी भी कोर्ट के लिए निकलने ही वालीं थीं। इसी दौरान एक 50-55 वर्ष की वृद्ध महिला उनके दरवाजे पर आई। महिला कहने लगी कि वह सुहागल(एक तरह का व्रत) कर रही हूँ। इसलिए उसे कुछ पैसे दे दो 100-200 रुपये। ऐसे ही घर-घर जाकर पैसे इकट्ठा कर सुहागल करती हूँ। उनकी पत्नी ने कहा कि अभी तो निकलना है, पैसे नहीं हैं। लेकिन वृद्ध महिला ने बातों में लगा लिया तो उन्होंने 100 रुपये दे दिए।
पीने के लिए मांगा पानी
पैसे लेने के बाद महिला ने कहा कि उसे पानी पिला दो। गला सूख रहा है। सोनाली को लगा कि महिला वास्तव में प्यासी है। भावुकता में वह पानी देने लगीं। वह महिला कमरे में अंदर आ गयी। उन्होंने पानी दिया तो महिला ने पानी पी लिया। इसके बाद कहने लगी कि ये व्रत करो, वो व्रत करो। और ये कहते हुए महिला ने सोनाली के सिर पर हाथ रख दिया।
बेसुध होकर दे दिए गहने
जैसे ही उस वृद्ध महिला ने सोनाली के सिर पर हटी रखा, उन्हें कुछ होने लगा। उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा था। फिर महिला ने गीला आटा मंगवाया। आटा मंगवाकर कहा कि इसमे अपने सोने के गहने रख दो। इस आटे को लाल पोटली में बांधकर मंदिर में रख देना। शाम तक कुछ चमत्कार होगा। सोनाली को कुछ याद नहीं रहा। उन्होंने अपनी एक अंगूठी और बेटी के कान की बाली उस आटे में रख दी। इसी बीच महिला ने उस आटे की लुगदी को बदल दिया और उन्हें दूसरा आटा देकर उसे मंदिर में रखवा दिया। इसके बाद महिला वहां से चली गई। सोनाली भी कोर्ट के लिए निकल गईं।
शाम को देखा तो आटे में कुछ नहीं था
शाम को अमित घर आये तो उनकी पत्नी ने सारी बात बताई। अमित समझ गए कि आटे में कुछ नहीं निकलेगा। उनके साथ धोखा हुआ है। जब मंदिर से उस आटे को उठाया तो, उसमे कुछ नहीं था। उनकी पत्नी ने बताया कि महिला ने जब सिर पर हाथ रखा, उसके बाद से ही उन्हें कुछ होने लगा। उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है। दिन भर कोर्ट में भी वह बेसुध सी ही रहीं। साथ वाले वकीलों ने उनसे कहा भी की मैडम आज आप कुछ खोई-खोई लग रही हो।
इस मामले में अमित मोघे ने दैनिक भास्कर को बताया कि अच्छा यह रहा की बाकी के गहने बैंक में रखे थे, नहीं तो वह भी चले जाते। वो महिला उनकी पत्नी से बोल भी रही थी कि तुम्हारा मंगलसूत्र और पति की चैन ला दो। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को यही बात खाये जा रही है कि जब उन जैसी पढ़ी-लिखी महिला के साथ ही इस तरह की धोखाधड़ी हो गयी तो बाकी कम पढ़े-लिखे लोगों के साथ क्या होता होगा। उन्होंने सभी से सावधान रहने की अपील भी की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.