एक्टर शाहरुख खान की फाइल पठान के रिलीज होते ही विरोध शुरू हो गया है। प्रदेश सहित जिले में भी हिंदूवादी संगठनों ने फ़िल्म का विरोध किया। गुना के जगत टॉकीज पर संगठनों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद शो कैंसिल कर दिया गया है। वहीं फ़िल्म का पोस्टर भी थिएटर से हटा दिया गया। जो दर्शक थिएटर में पहुंच चुके थे, उन्हें बीच शो से ही वापस लौटना पड़ा। प्रबंधन ने उनके टिकट के पैसे वापस किये। मौके पर भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी।
बता दें कि बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान की फ़िल्म पठान ट्रेलर लॉन्च होते ही विवादों में घिर गई थी। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फ़िल्म के गाने पर आपत्ति उठाते हुए इसे हटाने की मांग की थी। फ़िल्म का गाना बेशर्म रंग पर तमाम हिंदूवादी संगठन ने विरोध जताया था। साथ ही फ़िल्म को किसी भी थिएटर में न चलने देने की चेतावनी भी दी थी।
बुधवार को जिले के दो थिएटर में फ़िल्म लगी। सौम्य सिनेप्लेक्स और जगत दर्शन में फ़िल्म रिलीज हुई। जगत दर्शन में 12 बजे का शो शुरू भी हो गया था। लगभग 200 दर्शक फ़िल्म देखने अंदर थिएटर में पहुंच चुके थे। जब फ़िल्म लगभग एक घंटे तक दिखाई जा चुकी थी, उसके बाद बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता टाकीज पर पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करने शुरू कर दिया। उनके पहुँचने से पहले ही थिएटर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। मौके पर CSP श्वेता गुप्ता, तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा सहित प्रशासनिक और पुलिस बल पहुंचा।
संगठनों के विरोध के चलते पहले थिएटर में लगा फ़िल्म का पोस्टर उतार लिया गया। इसके बाद वह फ़िल्म बंद करने की मांग करने लगे। प्रशासन ने संगठनों की बात प्रबंधन से कराई, जिसके बाद प्रबंधन ने खुद ही फ़िल्म बंद करने का निर्णय ले लिया। इसके बाद सभी दर्शकों को थिएटर से निकलने के लिए कहा गया। प्रबंधन ने उनके टिकट के पैसे भी वापस कर दिए। थोड़ी ही देर में सभी दर्शक वहां से निकल गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.