इस बार गर्मी सभी रिकार्ड तोड़ रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री पर पहुंच गया। 2011 से अब तक चौथी बार तापमान 46 डिग्री पर पहुंचा है। ऐसा पहली बार हुआ कि 20 मई से पहले ही तापमान इस स्तर तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण बिजली संकट भी गहरा रहा है।
12-13 मई की दरमियानी रात को शहर के दो दर्जन से ज्यादा इलाकों में 3-4 घंटे बिजली गुल रहने की वजह भी गर्मी ही बताई गई। रात में डिमांड बढ़ने से पावर हाउस का ट्रांसफार्मर ओवर हीटिंग का शिकार हो गया। इससे बिजली ठप हो गई। शुक्रवार शहर में दो जगहों पर डीपी फुंकी। इनमें से मुख्य डाकघर के बाहर रखी डीपी में तो भीषण आग लग गई। इसके बाद पूरे इलाके में कई घंटे तक बिजली गुल हो गई।
आगे क्या
14-15 को ऑरेंज अलर्ट
दक्षिण में चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने और कोई भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने की संभावना के मद्देनजर मौसम विभाग ने 14-15 मई को भी भीषण गर्मी की आशंका जताई है। विभाग ने अलर्ट का स्तर यलो से बढ़ाकर ऑरेंज कर दिया है।
सूर्योदय के बाद 10 घंटे के भीतर 20 डिग्री बढ़ा पारा
शुक्रवार का न्यूनतम तापमान सुबह 5.30 बजे 26.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 5.38 पर सूर्योदय हुआ और उसके साथ ही गर्मी बढ़ती चली गई। सुबह 11.30 बजे पारा 42 डिग्री पर पहुंच गया था। यानी मात्र 6 घंटे में 16 डिग्री और 10 घंटे में 20 डिग्री तापमान बढ़ा। हर घंटे लगभग ढाई डिग्री तापमान बढ़ा। चार घंटे में तापमान में लगभग चार डिग्री का इजाफा हुआ।
नमी घटती गई, पारा बढ़ता गया
गर्मी की अहम वजह रही पश्चिम से आने वाली सूखी गर्म हवा। इसके कारण वातावरण की नमी जैसे-जैसे सूखती गई, पारा भी बढ़ता चला गया। सुबह साढ़े 5 बजे यह 25 फीसदी थी। इसके बाद इसमें दिनभर गिरावट आती गई। जब पारा अधिकतम स्तर तक पहुंचा तब हवा में नमी 12 फीसदी बची थी। शाम 5.30 तक इसमें दो फीसदी की वृद्धि हुई और यह 14 पर आ गई। इस दौरान तापमान भी 3 डिग्री की गिरावट आई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.