• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Guna
  • Said Congressmen Come Here; BJP Government Will Be Formed In 2023; Mama's Bulldozer Will Stand

मंत्री बोले- कांग्रेसियों चुपचाप सरक आओ:कहा-2023 में BJP की सरकार बन रही, मामा का बुलडोजर तैयार खड़ा है...

गुना2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

मध्यप्रदेश के पंचायत मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने खुले मंच से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बीजेपी में आने को कहा है। गुना जिले की राघौगढ़ नगर पालिका चुनाव में प्रचार के दौरान का उनका एक वीडियो सामने आया है। जिसके बाद कांग्रेस ने मंत्री कतो सत्ता के मद में चूर बताया है।

वीडियो में ये कहते नजर आ रहे मंत्री सिसोदिया

मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया बुधवार को बीजेपी के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान रुठियाई में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा - देखो भैया... जो भी कांग्रेसी लोग हो, वो धीरे-धीरे करके चुपचाप सरक आओ। क्योंकि 2023 में भी सरकार भाजपा की बन रही है। फिर देख लेना मामा का बुलडोजर तैयार खड़ा है। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो गुरुवार को सामने आया।

मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया के वीडियो के सामने आने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने उन पर पलटवार किया। उन्होंने मंत्री को चेतावनी दी है कि हिम्मत है, तो जयवर्धन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि मंत्री सिसोदिया सत्ता के मद में चूर हैं।

रुठियाई में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह ने आमसभा को संबोधित किया।
रुठियाई में पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह ने आमसभा को संबोधित किया।

नेता प्रतिपक्ष का पलटवार- सत्ता के मद में मंत्री

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि सिंधिया के अनुयायी सिसोदिया अपनी हैसियत से ज्यादा बोलने लगे हैं। हम डरने वाले नहीं हैं। हिम्मत है, तो जयवर्धन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ लें, तो पता चल जाएगा कि सिसाेदिया कितने पानी में हैं। राघौगढ़ की जनता ने सिंधिया की सल्तनत कभी स्वीकार नहीं की। मंत्री सत्ता के मद में चूर हैं। ऐसी बातें करके ज्यादा चापलूसी करना उचित नहीं है।

कांग्रेस बोली- चुनाव आयोग में करेंगे शिकायत

मंत्री के बयान से स्थानीय कांग्रेस नेताओं में रोष है। उनका कहना है कि पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हैं। सिसोदिया बखूबी जानते हैं कि यदि वे दिग्विजय सिंह के गढ़ में उनके समर्थकों की घेराबंदी करेंगे, तो निश्चित तौर पर सिंधिया के कोटे में उनके अंक बढ़ेंगे, लेकिन जिस तरह की भाषाशैली का उपयोग उनके द्वारा किया गया, वह सही नहीं है। कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि वे भाजपा की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। बुलडोजर की धमकी देना किसी भी हद तक ठीक नहीं है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग में की जाएगी।

पंचायत मंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने पलटवार किया।
पंचायत मंत्री के बयान पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने पलटवार किया।

कांग्रेस के प्रवक्ता केके मिश्रा ने भी किया ट्वीट

पंचायत मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया के वीडियो पर कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने ट्वीट कर कहा कि मंत्री जी आपका बुल डोजर अंग्रेजों से बड़ा नहीं है। हम उनसे लड़े हैं।

पंचायत मंत्री के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने ट्वीट किया।
पंचायत मंत्री के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने ट्वीट किया।

इन्होंने संभाली रखी थी प्रचार की कमान

प्रचार के दौरान दोनों ही पार्टियों ने ताकत झोंक दी। भाजपा की तरफ से दो मंत्रियों ने कमान संभाली थी। प्रदेश के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने लगातार बीजेपी के पक्ष में प्रचार किया। इनके अलावा राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, गुना विधायक गोपीलाल जाटव समेत अन्य भाजपा नेता प्रचार के लिए पहुंचे। वहीं, कांग्रेस की तरफ से राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कमान संभाले रखी। उनके साथ चांचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह भी प्रचार में जुटे रहे। अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा से विधायक गोपाल सिंह चौहान भी प्रचार करने पहुंचे थे।

भाजपा का संकल्प पत्र, दिग्गी की चिट्ठी

भाजपा ने चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया। इसमें नगरपालिका को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने और परिषद बनने पर हर वार्ड में मुफ्त पेयजल देने का वादा किया। साथ ही, इलाके में दो CM राइज स्कूल खोलने का भी वादा किया गया। उधर पूर्व CM दिग्विजय सिंह ने नागरिकों को चिट्ठी लिखकर कांग्रेस को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव के समय भी वह नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर थे, इस बार भी वह भारत जोड़ो यात्रा में हैं, इसलिए क्षेत्र में नहीं आ पाए। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए लिखा कि पुराने लोगों से पूछें कि पहले राघोगढ़ कैसा था और कांग्रेस ने यहां इतना विकास किया है।

खबरें और भी हैं...