पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर में बिजली कंपनी से रिटायर्ड कर्मचारी को दो महिलाओं और एक पुरुष ने हनीट्रैप का शिकार बनाया। एक महिला ने जन्मदिन के जश्न में बुलाकर रिटायर्ड कर्मचारी को वहीं सोने के लिए तैयार कर लिया। सुबह जब वह नींद से उठा तो उसके बिस्तर पर एक युवती थी। इसके बाद उसे दुष्कर्म के मामले में बदनाम करने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 6 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं। घटना 6 दिसंबर से 14 दिसंबर के बीच भितरवार की है। पीड़ित को गैंग लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। हाल ही में उसने एसपी ग्वालियर से मामले में शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने शनिवार को क्राइम ब्रांच थाना में यह मामला दर्ज किया है।
डबरा के जवाहर कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय रामदयाल रजक बिजली कंपनी में कर्मचारी थे। अभी हाल ही में 30 अगस्त 2020 को वह विभाग से रिटायर्ड हुए हैं, लेकिन रिटायर्ड होने से पहले उनकी पोस्टिंग जब भितरवार तहसील में थी तो वह वहां मंजू जाटव नाम की महिला के घर एक किराए से रहते थे। रिटायर्ड होने के बाद उन्होंने उस घर को खाली कर दिया। 6 दिसंबर 2020 को मंजू जाटव ने रामदयाल को फोन कर अपने जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए बुलाया था। रामदयाल के मना करने पर मंजू खुद अपनी एक्टिवा लेकर डबरा पहुंची और उनको अपने साथ लेकर घर पहुंची। रात को जन्मदिन का जश्न मनाया गया। जिसमें शराब भी थी। रात अधिक होने पर रिटायर्ड कर्मचारी को मंजू ने वहीं सोने और सुबह घर छोड़ने की बात कही। इस पर वह वहीं सो गए।
नींद खुली तो फंस चुके थे जाल में
रामदयाल रात को तो अच्छी तरह सो गए, लेकिन जब सुबह नींद खुली तो देखा कि उनके बेड के पास एक युवती लेटी थी। उनके नींद खुलते ही युवती रोने लगी। उसका नाम सलमा था। इसी समय मंजू और सलमा का पति भी वहां आ गया। मंजू ने आरोप लगाया कि तुमने इस लड़की के संग क्या कर दिया। इसके बाद रामदयाल घबरा गया। युवती रोने लगी। वहां पुलिस में जाने की बात होने लगी। महिला ने यह भी बताया कि घटना का पूरा वीडियो भी उनके पास है।
ब्लैकमेल कर ऐंठे 6 लाख रुपए
दुष्कर्म के आरोप से रिटायर्ड कर्मचारी घबरा गया। उसे लगा कि अब वह बदनाम हो जाएगा। मंजू ने पूरे मामले को दबाने के लिए 4 लाख रुपए की मांग की। इस पर रामदयाल ने अपने समधी प्यारेलाल निवासी जौरा मुरैना से मदद मांगी। उनसे तत्काल रुपए मांगे। 7 दिसंबर को सफेद रंग की वैन से दोनों महिला और वह पुरूष उन्हें लेकर झांसी रोड ग्वालियर पहुंचे। यहां समधि का बेटा अवधेश रुपए लेकर आया। रामदयाल ने रुपए लेकर मंजू और उसके साथियों को दिए। इसके बाद वह चले गए। पर 8 दिसंबर को फिर एक लाख रुपए की मांग की गई। यह भी उसने पूरी कर दी।
पत्नी के जेवर बेचने पड़े
पांच लाख रुपए देने के दो दिन बाद 10 दिसंबर को फिर मंजू ने कॉल किया कि एक लाख रुपए तत्काल चाहिए नहीं तो सलमा थाने जा रही है। इस पर युवक ने अपनी पत्नी के जेवर बिना बताए अलमारी से निकालकर डबरा में रतन लाल ज्वेलर्स के यहां पर बेच दिए और रकम ब्लैकमेल कर रहे गैंग को दी। इसके बाद दोनों महिलाएं और पुरूष लगातार तीन लाख रुपए की और मांग कर रहे थे। अब पीड़ित से सहा नहीं गया।
डबरा, भितरवार थाना ने नहीं सुनी
जब पीड़ित ने मामले की शिकायत भितरवार पुलिस में की तो उन्होंने सुनवाई नहीं की। इस पर पीड़ित डबरा थाना पहुंचा, लेकिन उनका रवैया भी मामले को टालने वालों जैसा रहा। इसके बाद पीड़ित एसपी ग्वालियर अमित सांघी से मिला। उन्होंने तत्काल क्राइम ब्रांच को मामले की जांच और मामला दर्ज करने के लिए कहा। इस पर शनिवार को मंजू, सलमा व उसके साथी पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज किया है।
और भी मामले खुल सकते हैं
डीएसपी क्राइम विजय सिंह भदौरिया ने कहा है कि दो महिला और एक पुरुष ने जन्मदिन की बात बोल कर रिटायर्ड कर्मचारी को घर बुलाया है। साथ ही उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 6 लाख रुपए ऐंठ लिए हैं। इस गैंग से इस तरह के और भी मामले खुल सकते हैं। आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।
पॉजिटिव- आप प्रत्येक कार्य को उचित तथा सुचारु रूप से करने में सक्षम रहेंगे। सिर्फ कोई भी कार्य करने से पहले उसकी रूपरेखा अवश्य बना लें। आपके इन गुणों की वजह से आज आपको कोई विशेष उपलब्धि भी हासिल होगी।...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.