ग्वालियर के आदित्यपुरम में एक अमेरिकल पिटबुल डॉग की दहशत है। पिछले कुछ दिन में यह कुत्ता कई बच्चों को अपना शिकार बना चुका है। ताजा मामला सोमवार का है। फौजी का 5 साल का बेटा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। तभी पड़ोसी का पालतू वहां दौड़ता हुआ आया और बच्चों पर भौंकने लगा। मासूम ने दौड़ लगा दी तो कुत्ते ने उस पर झपट्टा मारकर उसकी जांघ पर दांत गढ़ा दिए और मांस बाहर खींच लिया।आसपास के कुछ लोगों ने शोर सुना तो बच्चे को बचाया।
घटना आदित्यपुरम ग्रीनवुड स्कूल के पास की है। जब घायल बच्चे की मां ने विरोध किया तो कुत्ते के मालिक ने साफ शब्दों में कह दिया कि उनका कुत्ता तो ऐसे ही घूमेगा। अगर अगली बार शिकायत लेकर आए तो पिस्टल से उड़ा दूंगा। बच्चे की मां ने महाराजपुरा थाना में मामले की शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने डॉग के मालिक पर मामला दर्ज कर लिया है।
महाराजपुरा के आदित्यपुरम में ग्रीनवुड स्कूल के पास रहने वाले उपेन्द्र सिंह तोमर सेना में जवान हैं। अभी वह देश के गुवाहटी में बॉर्डर पर तैनात हैं। यहां उनकी पत्नी गुडिया तोमर व बेटा 5 साल का राज (बदला हुआ नाम)रहते हैं। पास ही उनका मकान बन रहा है। उपेन्द्र अभी गुवाहटी में हैं। यहां उनके घर के सामने भानू सिंह भदौरिया रहते हैं। वह ठेकेदारी करते है। भानू के घर पर एक अमेरिकन पिटबुल डॉग है। यह डॉग काफी खतरनाक है आसपास रहने वाले कई लोगों पर हमला कर चुका है। सोमवार को गुड़िया का बेटा जो कि यूकेजी का छात्र है घर के बाहर खेल रहा था। आसपास और भी बच्चे खेल रहे थे। तभी पड़ोसी का कुत्ता वहां दौड़ते हुए आया और बच्चों पर भौंकने लगा। कुत्ते को आते देख मासूम डर गया और घर की तरफ दौड़ लगा दी। यह देख कुत्ता भी उसके पीछे दौड़ा और उसकी जांघ पर अपने दांत गढ़ा दिए। इस पर मासूम की चीख निकल गई। तभी अमेरिकन पिटबुल डॉग ने बच्चे का मांस तक बाहर निकाल दिया। इसी समय आसपास से गुजर रहे कुछ लोगों ने पत्थर और डंडे उठा लिए तो कुत्ता भाग गया। बच्चे को उसके घर ले गए। बच्चे को उसकी मां पहले हॉस्पिटल लेकर पहुंची और इलाज करवाया। इसके बाद भानू भदौरिया के घर पहुंचकर शिकायत की। गलती मानने के बदले भानू भड़क गया। उसका कहना था कि उसका कुत्ता ऐसे ही घूमेगा। यदि अगली बार कोई शिकायत लेकर आया तो पिस्टल से उसकी हत्या कर दूंगा। इसके बाद बच्चे की मां महाराजपुरा थाने पहुंची और शिकायत की है।
एक महीन में कई को काटा
- गुडिया तोमर ने बताया कि पड़ोसी का कुत्ता काफी खतरनाक है। वह आते जाते हुए लोगों पर भौंकता है। बीते एक महीने में उसने कई लोगों को काटा है। कई बच्चों पर भी हमला किया है। सभी लोगों ने एकजुट होकर भानू भदौरिया को समझाया है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। आदित्यपुरम में उस कुत्ते की दहशत है। बच्चे बाहर खेलते हैं तो हमेशा इस तरह की घटना का खतरा बना रहता है।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
- इस मामले में गुड़िया तोमर का कहना है कि उन्होंने महाराजपुरा थाना में मामले की शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत इसलिए ही की है कि आगे से कोई और बच्चा इस कुत्ते का शिकार न बने। इस पर महाराजपुरा पुलिस का कहना है कि आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.