कर्फ्यू के बीच ग्वालियर की श्रीविहार कॉलोनी में एक रिटायर्ड SI की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने सबसे पहले रिटायर्ड ASI के पायजामा से उनके हाथ और नाड़े से पैर बांध दिए। मुंह को तौलिए से बांधने के बाद साफी से गला घोंट दिया। सिर में ईंट भी मारी। घटना सोमवार रात की है। जानकारी मंगलवार सुबह चली। रिटायर्ड SI की हत्या की खबर मिलते ही SP ग्वालियर अमित सांघी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव भी घटना स्थल पहुंचे हैं। रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर अलमीरा खुली पड़ी हैं और सामान बिखरा हुआ है। आशंका है कि बदमाशों ने कुछ ढूंढ़ने का प्रयास किया है। पुलिस को आशंका है कि हत्या का कारण प्रॉपर्टी विवाद और लूट करना हो सकता है।
बहोड़ापुर में पुलिस लाइन के पीछे श्रीविहार कॉलोनी में 63 वर्षीय मेघसिंह कुशवाह पुत्र बाबूलाल कुशवाह रहते थे। मेघसिंह मध्य प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड SI थे। 3 साल पहले दतिया कोतवाली से वह रिटायर्ड हुए थे। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटी हैं। उनके कोई बेटा नहीं है। बेटी की शादी हो चुकी है और पत्नी मायके आमखो में थी।
मंगलवार सुबह जब रिटायर्ड SI के घर में काम करने वाली बाई आई तो दरवाजा खुला हुआ था। वह अंदर पहुंची तो अंदर रिटायर्ड पुलिसकर्मी का शव हाथ पैर बंधा हुआ बेड पर पड़ा था। बाई ने तत्काल शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे। खुद एसपी ग्वालियर अमित सांघी भी स्पॉट पर पहुंच गए। तत्काल फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट जीएस तिवारी को भी मौके पर बुला लिया गया।
यह मिला मौक पर सीन
जब पुलिस अफसर रिटायर्ड SI के घर पहुंचे तो देखा कि उसका शव बेड पर अस्त-व्यस्त था। हत्या करने वालों ने उनके ही पायजामा को उतारकर हाथ बांधे। पायजामा के नाड़े से पैर बांधे और मुंह को तौलिए से बांधा है। एक साफी गले में बंधी मिली है। सिर में ईंट से मारने की चोट है। बेड के पास ईंट पड़ी मिली है। आसपास काफी सामान बिखरा पड़ा है। अलमीरा खुली पड़ी है। प्रारंभिक पड़ताल में साफ है कि हत्या गला घोंटकर की गई है। सिर में ईंट मारने को लेकर स्पष्ट है की यह हत्या के पहले मारी गई है। बदमाशों ने घर में एंट्री के बाद सबसे पहले मेघसिंह को ईंट मारी है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
घर के पीछे फेंके सिलेंडर
हत्या के बाद हमलावरों ने घर में किसी चीज को तलाश किया है। लूट का एंगल हो सकता है, लेकिन उससे ज्यादा यह प्रॉपर्टी विवाद लग रहा है। सिलेंडर घर के पीछे खाली प्लॉट की झाड़ियों में पड़े मिले हैं। पुलिस का डॉग भी घर के मुख्य दरवाजे से होते हुए घर के पीछे झाड़ियों तक गया है।
मारपीट करता था इसलिए साथ नहीं रहती पत्नी
मृतक रिटायर्ड SI इस घर में अकेला ही रहता था। उसकी पत्नी आमखो में अपने मायके में रह रही है। मेघसिंह शराब के नशे में अक्सर उससे मारपीट करता था, इसलिए वह मायके में रह रही थी। पुलिस परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है।
फोर्स एंट्री की नहीं हुई
प्रारंभिक पड़ताल में फोर्स एंट्री के कोई सुराग तो नहीं मिले हैं। हो सकता है कि हत्या करने वाला रिटायर्ड SI को जानता हो या यह हो सकता है कि वह छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ हो। पुलिस को घर में पड़े कुछ सामान पर फिंगर प्रिंट भी मिले हैं। जिनको जांच में लिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.