ग्वालियर में बुधवार रात जय विलास पैलेस में सिंधिया घराने की अगली पीढ़ी महाआर्यमन का 26वां का जन्मदिन बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। पहली बार वह सार्वजनिक रूप से लोगों के बीच आए। यह बात अलग है कि उनको स्वागत से लेकर गर्मजोशी से बर्थडे मनाने वालों में सिंधिया समर्थक ही ज्यादा दिखे। महाआर्यमन ने पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल को केक खिलाया। पूर्व विधायक ने भी उनको केक खिलाकर बधाई दी। फिर केक की एक बाइट बालखांडे को खिलाई।
महाआर्यमन ने राजसी अंदाज में तलवार से केक काटा। लाेगाें को अभिवादन भी स्वीकार किया। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि उनके सार्वजनिक रूप से सबके साथ इस तरह सामने आने को उनकी राजनीतिक पारी की शुरुआत माना जाए। इस पर उनका कहना था कि अभी ऐसा नहीं है। मैं काफी समय से बाहर था, अब अपनों के बीच आया हूं। राजनीति में आने पर बोले कि मैं लोगों को समझूंगा, उनकी बात सुनूंगा फिर आगे सोचूंगा। सभी का धन्यवाद दिया और आगे बढ़ गए।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन के राजनीति में प्रवेश की अटकलें अब और तेज हो गई हैं। क्योंकि ऐसा पहली बार है, जब वह अकेले भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आए हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिछले महीने 3 दिवसीय प्रवास पर महाआर्यमन निजी से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रम में उनके साथ रहे थे। एक-एक कार्यकर्ता से केन्द्रीय मंत्री ने बेटे की व्यक्तिगत मुलाकात भी कराई थी, तभी से महाआर्यमन की राजनीति में आने की अटकलें लगना शुरू हो गई थीं।
जन्मदिन पर मिले स्नेह का दिया धन्यवाद
महाआर्यमन ने अपने जन्मदिन पर लोगों के प्रेम और आशीर्वाद पर धन्यवाद दिया। मीडिया से बातचीत में महाआर्यमन ने कहा कि इतने प्रेम के लिए जनता का धन्यवाद।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
महाआर्यमन के जन्मदिन को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया। ग्वालियर के अलावा अंचल के अन्य जिलों से भी भाजपा कार्यकर्ता और सिंधिया समर्थक नेता जन्मदिन कार्यक्रम में पहुंचे। ग्वालियर शहर में उनके हजारों बैनर और पोस्टर लगाए गए।
सिंधिया समर्थक और उनके पुत्र दिखे
महाआर्यमन के जन्मदिन पर जयविलास पैलेस में काफी भीड़ थी। यह भीड़ सिंधिया समर्थक भाजपाइयों और उनके बेटों की थी, लेकिन भाजपा के बाकी खेमे जैसे केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रभात झा के समर्थक नजर ही नहीं आए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.