ग्वालियर पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता मिली है। सीएम शिवराज सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान में 25 दिन में पुलिस ने 90 लापता लड़कियों को यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा से बरामद किया है। यह ग्वालियर के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। अभी भी 85 लड़कियां लापता है। पुलिस लगातार इन बच्चियों को तलाशने के लिए अभियान चलाती रहेगी। इन सभी लड़कियों को पुलिस ने काउंसलिंग कर परिवारों के सुपुर्द कर दिया है।
दरअसल मध्य प्रदेश राज्य शासन के निर्देशों पर लापता और गुम हुई लड़कियों को खोजने के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के तहत जिले कि सभी थानों की पुलिस टीम को लगाया गया था। साथ ही क्राइम ब्रांच की भी स्पेशल टीमें बनाई गई थीं। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देश के करीब 8 से 10 राज्यों में दबिश देकर 90 लड़कियां बरामद की हैं। 6 जनवरी से पूरे प्रदेश में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान के सुखद नतीजे सामने आए हैं।
इन राज्यों में मिली लड़कियां
ग्वालियर में वर्ष 2013 से अभी तक के बीच कुल 150 लड़कियां लापता थीं। इसके साथ ही जनवरी 2021 में 25 नाबालिग लड़कियां और लापता हो गईं। 6 जनवरी से 31 जनवरी तक चलाए गए अभियान को पुलिस ने गंभीरता से लिया और हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों से 90 लड़कियां बरामद की हैं। इस ऑपरेशन की सबसे अहम बात यह है की साल 2014, 2015 और 2016 से पहले की गायब हुई लड़कियों को भी पुलिस टीम ने खोज निकाला है। बरामद की गई लड़कियों को अब पुलिस काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंपी जा रही है।
यह बड़ी सफलता है
ग्वालियर एसपी अमित सांघी का कहना है कि पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिले के सभी थाना प्रभारियों की विशेष टीम ने 90 लड़कियां बरामद की है जो काफी सालों से लापता थीं। इनको इनके परिजन के सुपुर्द किया जा रहा है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.